(27/03/2016) 
साउथ MCD मानवता के आधार पर देगा नौकरी का प्रस्ताव -सतीश उपाध्याय
नई दिल्ली, 27 मार्च। दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने आज एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुये कहा कि दक्षिणी दिल्ली नगर निगम गत 23 मार्च की रात को एक संगठित समूह द्वारा कत्ल किये गये डाॅ. पंकज नारंग की पत्नी डाॅ. शैली नारंग को निगम अस्पताल में नौकरी का प्रस्ताव देगा।

डाॅ. पंकज नारंग एक प्रतिष्ठित दंत चिकित्सक थे और उनकी पत्नी भी दंत चिकित्सक हैं।  उनके पिता भी डाॅक्टर थे और कृष्णा पार्क, विकासपुरी क्षेत्र में उनकी प्रतिष्ठा और लोकप्रियता काफी अधिक थी।


उपाध्याय ने कहा कि कल जब हमारा प्रतिनिधिमंडल नारंग परिवार से मिलने पहुंचा तो वहां स्थानीय आर.डब्ल्यू.ए. पदाधिकारियों ने हमें एक तीन सूत्रीय मांग पत्र दिया जिस पर हमनें दिल्ली के पुलिस आयुक्त और दक्षिणी दिल्ली महापौर एवं आयुक्त से चर्चा की।  


उपाध्याय ने कहा कि पुलिस आयुक्त ने हमें विश्वास दिलाया है कि इसी सप्ताह कृष्णा पार्क में पुलिस पिकिट प्वाइंट बनाने का आदेश जारी कर दिया जायेगा।  दक्षिणी दिल्ली नगर निगम ने नागरिकों को सुरक्षा का भाव देने के लिए आवश्यक सुरक्षा गेट और सी.सी.टी.वी. कैमरे लगाने में पूरे सहयोग का आश्वासन दिया है।  दक्षिणी दिल्ली नगर निगम ने विनम्रता के साथ मृत डाॅक्टर की पत्नी को मानवता के आधार पर नौकरी देने का निर्णय किया है।


दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के महापौर सुभाष आर्य, नेता सदन आशीष सूद, स्थायी समिति अध्यक्ष राधेश्याम शर्मा एवं भाजपा मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर पत्रकारवार्ता में उपस्थित थे।


दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के महापौर आर्य एवं नेता सदन आशीष सूद ने कहा कि डाॅ. पंकज नारंग का परिवार पश्चिमी दिल्ली क्षेत्र में लंबे समय से रह रहा था और स्थानीय नागरिकों के बीच इस परिवार की काफी प्रतिष्ठा है।  उनकी समाज के प्रति सेवाओं के भाव को ध्यान में रखते हुये मानवता के आधार पर डाॅ. शैली नारंग को निगम सेवा का प्रस्ताव देने का हमनें निर्णय लिया है।


Copyright @ 2019.