(31/03/2016) 
''नमो पेन' और 'आई लव मोदी' पर मचा बवाल
अहमदाबाद। जनता में अपनी पार्टी की छवि को और मजबूत बनाने के लिए विभिन्न सियासी पार्टियां नए-नए तरीके अपना रही हैं। गुजरात में बोर्ड परीक्षा देने वाले 10वीं और 12वीं के छात्रों को 'नमो पेन' दिया गया है। इस पेन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फोटो छपी है और लिखा है 'आई लव मोदी'। भाजपा पार्टी के सिंबल वाले इस पेन को छात्रों को दिए जाने के बाद बवाल खड़ा हो गया है।

गुजरात में आठ मार्च से बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो गई हैं। यह पेन छात्रों को बोर्ड की परीक्षाओं में लिखने के लिए एक निजी फर्म ने तोहफे के तौर पर दिया है।

जानकारी के मुताबिक नमो पेन के हर पैकेट में पांच पेन हैं। खास बात ये है कि हर पेन के साथ एक लेटर भी है, जिसमें लिखा गया है कि पेन कंपनी की तरफ से बोर्ड की परीक्षा देने वाले छात्रों को तोहफा है। 

स्कूली छात्रों में पेन बांटने की घटना पर विपक्षी दल कांग्रेस ने कड़ी आलोचना की है। राजनीतिक पार्टियां ही नहीं, स्कूली प्रशासन भी इस पेन को लेकर आपत्ति जता रहे हैं। बोर्ड प्रशासन ने भी इस पेन को छात्रों में बांटने की अनुमति दिए जाने की बात से इंकार किया है। 

उधर, कांग्रेस का कहना है कि भाजपा शिक्षा को भी राजनीति का रंग देना चाहती है।

बताया जा रहा है कि अहमदाबाद, गांधीनगर और वडनगर में हमने 1.5 लाख नमो पेन वितरित किए हैं। इन पेन पर 'आई लव मोदी' भी लिखा है।

प्रियंका भारद्वाज 
ब्यूरो रिपोर्ट 
समाचार वार्ता 
Copyright @ 2019.