(05/04/2016) 
केएमपी एक्सप्रेस-वे का केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने किया उद्घाटन
पलवल :- मंगलवार को केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कुण्डली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेस-वे के पलवल-मानेसर खण्ड का उद्घाटन किया। इस एक्सप्रेस-वे कि कुल लंबाई 135.6 किलोमीटर है। नितिन गडकरी ने कुण्डली-मानेसर-पलवल 52.330 KM लंबे भाग का लोकार्पण किया। ये एक्सप्रेस-वे सोनीपत, झज्जर, बहादुरगढ़, नूंह, सोहना, हथीन और पलवल क्षेत्र से होकर गुजरेगा। नितिन गडकरी ने स्टेज से रिमोट का बटन दबाकर इसकी शुरुआत की।

इस मौके पर केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि परिवहन सेवाओं को विस्तार देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अनेक नए कार्यों की शुरुआत हुई है। इस साल 26 मई को भाजपा सरकार के दो वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर दो लाख करोड़ रुपए की 26 नए राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सडक़ के साथ जल व पॉड सेवा जैसे पर्यावरण मैत्री व सस्ते साधनों को विकसित किया जाएगा। जिसमें हरियाणा के पल्ला गांव से वजीराबाद तक यमुना में तीन मीटर का जल स्तर बनाकर जल परिवहन शुरू किया जाएगा जोकि इस क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देगा। चीन, जापान, कोरिया और यूरोप के देशों में यात्री व माल परिवहन के लिए 40 प्रतिशत तक जल परिवहन का इस्तेमाल होता है। जोकि सडक़ व रेल परिवहन की तुलना में काफी सस्ता होता है। भारत में भी हम जल परिवहन को बढ़ावा देने के लिए अनेक महत्वपूर्ण कार्यक्रम चलाए जाएंगे।
हरियाणा के मुख्यंमत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि एक्सप्रेस वे पर पलवल-मानेसर खण्ड का हिस्सा शुरू होने पर इलाके की प्रगति होगी। हमारा प्रयास रहेगा कि अगले वर्ष तक पलवल से कुण्डली तक भी सडक़ का निर्माण पूरा हो जाए। इस सडक़ के आरंभ होने से दिल्ली पर ट्रैफिक का दबाव व प्रदूषण का स्तर कम होगा। हरियाणा में भाजपा की पूर्ण बहुमत से सरकार बनने से पहले केवल चार राष्ट्रीय राजमार्ग थे लेकिन अपने अल्प कार्यकाल के दौरान ही भाजपा की सरकारों ने प्रदेश को 9 नए राष्ट्रीय राजमार्ग दिए। मनोहर लाल ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्गों के साथ-साथ प्रदेश की आंतरिक परिवहन व्यवस्था को सुधारने के लिए 36000 करोड़ रुपए की राशि सडक़ों के विकास पर खर्च करने की प्रक्रिया जारी है। हरियाणा में भाजपा की सरकार बनने के उपरांत पलवल विधानसभा क्षेत्र में 110 करोड़ रुपए विकास कार्यों पर खर्च हुए है। यूपीए सरकार के दौरान देश में राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण की प्रगति प्रति दिन दो किलोमीटर तक आ गई थी लेकिन भाजपा की सरकार बनने के उपरांत यह प्रगति प्रति दिन 20 किलोमीटर तक पहुंची है।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रुप में केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, हरियाणा के मुख्यंमत्री मनोहर लाल खट्टर, और हरियाणा की मुख्य संसदीय सचिव सीमा त्रिखा, जिला परिषद अध्यक्ष चमेली देवी सोलंकी, भाजपा के जिला अध्यक्ष जवाहर सिंह सौरोत और भाजपा के अनेको कार्यकर्ताओं समेत हजारों की संख्या में लोग उपस्थित रहे।

सोमदत शर्मा
समाचार वार्ता
Copyright @ 2019.