(09/04/2016) 
शौर्य दिवस पर 81 बहादुर जवान वीरता के पुलिस पदकों से अलंकृत
केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के शौर्य दिवस के अवसर पर आज बल के 81 बहादुरों को वीरता के पुलिस पदकों से अलंकृत किया गया, इनसे से 08 को मरणोपरान्त सम्मानित किया गया। अजीत डोभाल, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार ने इन बहादुर अधिकारियों और जवानों को वीरता के पदक प्रदान किये। दिनेष्वर शर्मा, निदेशक आई.बी., के. दुर्गा प्रसाद, महानिदेशक, के.रि.पु.बल, पी.वी.के. रेड्डी, विशेष महानिदेशक, सुधीर प्रताप सिंह, अपर महानिदेशक (प्रशिक्षण) तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कार्मिक इस अवसर पर उपस्थित थे।

उपस्थित लोगों का संबोधित करते हुए अजीत डोभाल ने कहा कि केरिपुबल के अधिकारियों एवं जवानों ने कई बार साहस और शौर्य का प्रदर्शन किया है तथा शौर्य की इनकी यह परम्परा बल के मनोबल को बढ़ाएगी। वीर शहीदों का श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्होंने कहा कि देश हमेशा उनके बलिदान को याद करेगा। उन्होंने कहा कि केरिपुबल एक अनुशासित, कर्तव्यपरायण, निष्ठावान बल है और अन्य बलों को भी उनके सराहनीय कार्यों का अनुसरण करना चाहिए। अजीत डोभाल ने कहा कि देश जम्मू कश्मीर में आतंकवाद, पूर्वोत्तर राज्यों में अलगाववाद और एल.डब्लू.ई क्षेत्रों में नक्सलवाद जैसी समस्याओं का सामना कर रहा है तथा केरिपुबल इन समस्याओं से निपटने में सबसे आगे है। उन्होंने बल के नेतृत्व का आह्वान किया कि वे जवानों के कल्याण पर ध्यान दें।
के. दुर्गा प्रसाद, महानिदेशक, के.रि.पु.बल ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए कहा कि के.रि.पु.बल ने अपने 76 वर्ष के इतिहास में कई शौर्य गाथाएं लिखी है। इनमें से एक 09 अप्रैल 1965 को रण ऑफ कच्छ में सरदार पोस्ट पर दिखाई गई वीरता है, जब के.रि.पु.बल की 02वीं वाहिनी की एक छोटी सी टुकड़ी ने एक पूरी पाकिस्तानी ब्रिगेड के हमले को नाकाम कर दिया। इसमें 34 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए तथा चार को जिन्दा पकड़ लिया गया। उन्होंने कहा कि इसके पहले 21 अक्तूबर 1959 को बल के कुछ जवानों ने हॉट स्प्रिंग (Hot Spring) में चीनी आक्रमण का वीरतापूर्वक सामना किया, जिसमें मातृभूमि की रक्षा में बल के कुछ बहादुर वीरगति को प्राप्त हुए। बल के अधिकारी एवं जवानों को इन अनुकरणीय उपलब्धियों पर गर्व है। के. दुर्गा प्रसाद ने कहा कि बल के अधिकारियों एवं जवानों को प्रेरित करने के लिए शौर्य गथाओं पर आधारित सचित्र पुस्तकों की एक श्रृंखला प्रकाशित की जा रही है। इस श्रृंखला की चैथी पुस्तक "जांबाज़़ इलंगो" का आज राष्ट्रीय  सुरक्षा सलाहकार ने विमोचन किया।
इससे पूर्व अजित डोवाल एवं अन्य विशिष्ठ व्यक्तियों ने सरदार पोस्ट की पवित्र मिट्टी के कलश पर माल्यार्पण किया। महानिदेशक, के.रि.पु.बल ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार को स्मृति चिन्ह भेंट किया। शौर्य दिवस के अवसर पर के.रि.पु.बल के शौर्य एवं साहस पर एक लघु फिल्म दिखाई गई।  पी.वी.के. रेड्डी, विशेष महानिदेशक, के.रि.पु.बल ने धन्यवाद प्रस्ताव किया।
Copyright @ 2019.