(18/04/2016) 
ओपेरा कलाकारों को लेकर जा रही बस खाई में गिरी, 30 की मौत
संबलपुर : ओडिशा में देओगढ़ जिले के पहाड़ी इलाके बीती रात एक बस फिसल कर खाई में गिर गयी, ये बस ओपेरा कलाकारों को ले जा रही थी। हादसे में 30 लोगो की मौत हो गई और 12 गंभीर रूप से घायल हो गये।

पुलिस ने बताया कि मारे गये लोग बारगढ़ जिले से भारती गणनाट्य के ओपेरा कलाकार थे जो राउरकेला के निकट अपनी कला का प्रदर्शन करके लौट रहे थे।
मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने इस हादसे पर गहरा दु:ख व्यक्त किया और जिला अधिकारियों को बचाव अभियान की निगरानी करने के लिए कहा। राज्य के पुलिस महानिदेशक के.बी. सिंह ने बताया कि अब तक 30 शव दुर्घटनास्थल से निकाले गये है और राज्य आपदा त्वरित कार्रवाई बल की एक टीम घटनास्थल के लिए रवाना हो गयी है।
सूत्रों के अनुसार बस घाट रोड पर 300 फुट गहरी खायी में गिर गयी। देआेगढ़ जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक बचाव कार्य के निरीक्षण के लिए घटना स्थल की ओर रवाना हो गये।
सूत्रों का कहना है हादसे के वक्त बस स्टाफ के अलावा महिलाओं और बच्चों सहित लगभग 40 से 45 कलाकार उसमे सवार थे। घायलाें को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राज्य सरकार ने घायलों के इलाज का खर्च वहन करने की घोषणा की है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि इस हादसे में हताहतों की संख्या और भी बढ़ सकती है।
Copyright @ 2019.