(20/04/2016) 
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने केंद्रीय मंत्री उमा भारती से नई दिल्ली में की मुलाकात
नई दिल्ली :- हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल केआग्रह पर केंद्रीय जल संसाधन, नदी विकास एवं गंगा संरक्षण मंत्री उमा भारती ने चार हजार करोड़ रुपए की लखवार व्यासी बहु उद्देशीय परियोजना के निर्माण को हरी झंडी दे दी है। मंत्रालय की ओर से शीघ्र ही इस परियोजना को केंद्रीय कैबिनेट के पास भेजा जाएगा।

मुख्यमंत्री ने आज नई दिल्ली में मंगलवार की देर सांय हरियाणा से संबंधित विभिन्न जल परियोजनाओं व नए प्रस्तावों को लेकर केंद्रीय जल संसाधन उमा भारती से उनके कार्यालय में मुलाकात की। जल संसाधन मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री को आश्वस्त करते हुए लखवार परियोजना के निर्माण शीघ्र शुरू कराने व इस परियोजना के महत्व को देखते हुए इसकी आधारशिला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से रखवाने की बात कही।      
उत्तराखंड स्थित इस परियोजना के पूरा होने से हरियाणा, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली और राजस्थान को पानी मिलेगा लेकिन इस परियोजना के कुल जल संसाधन में सबसे अधिक 48 प्रतिशत हिस्सेदारी हरियाणा की रहेगी। जिससे हरियाणा योग्य भूमि को 1.22 लाख एकड़ फीट अतिरिक्त पानी मिलेगाा और यमुना नदी के प्राकृतिक प्रवाह को बनाए रखने में भी मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने बैठक के दौरान लखवार के साथ-साथ रेणुका व किसाऊ से संबंधित परियोजनाओं के अलावा साहबी पर बने मसानी बैराज तक पानी लाने आदि मामलों को केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखा। मसानी बैराज में पानी आने से राज्य के दक्षिणी हिस्से विशेषकर मेवात-गुडग़ांव-महेंद्रगढ़ आदि को पानी मिल सकेगा। जिस पर जल संसाधन मंत्री ने सकारात्मक रवैया दिखाते हुए शीघ्र ही इन मामलों को लेकर संबंधित राज्यों के अधिकारियों की उच्च स्तरीय बैठक बुलाने की बात कही। 
मुख्यमंत्री ने जल संसाधन मंत्री से हरियाणा में यमुना नदी के साथ-साथ हरियाली का तंत्र विकसित करने का प्रस्ताव भी रखा। हरियाणा की सीमा के भीतर से करीब 300 किलोमीटर में यमुना का प्रवाह है। राज्य के वन एवं पर्यावरण विभाग की ओर से तैयार प्रस्ताव में यमुना नदी के किनारे पौधरोपण व वाटर रिजवायर बनाने की योजना तैयार की गई है। इस पर 110 करोड़ रुपए का खर्च आने का अनुमान है। मुख्यमंत्री के इस प्रस्ताव पर भी केंद्रीय मंत्री ने सहमति जताते हुए शीघ्र ही अधिकारिक स्तर पर इसका अध्ययन कराने की बात कही। 
बैठक में जल संसाधन मंत्रालय के विशेष सचिव अमरजीत सिंह, नई दिल्ली स्थित हरियाणा भवन के प्रधान आवासीय आयुक्त आनंद मोहन शरण, मुख्यमंत्री के ओएसडी (मीडिया) राजकुमार भारद्वाज, जल संसाधन मंत्रालय के सचिव शशि शेखर सिंह, संयुक्त सचिव आरके गुप्ता, हरियाणा भवन के अतिरिक्त आवासीय आयुक्त विवेक सक्सेना मौजूद रहे।
Copyright @ 2019.