(22/04/2016) 
थाना बेगम पुर की बिल्डिंग का दिल्ली पुलिस आयुक्त आलोकवर्मा ने किया उद्घाटन
दिल्ली पुलिस आयुक्त आलोकवर्मा ने शुक्रवार को बाहरी दिल्ली के बेगमपुर पुलिस थाने का उद्घाटन कर पुलिस थाने का मुआयना किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय पुलिस को कई सुझाव भी दिए।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने पुलिस प्रशासन को लोगों से जुडऩे के निर्देश दिए। बीट अधिकारियों को उन्होंने जहां पैदल पेट्रोलिंग करने का सुझाव दिया, तो वहीं दिल्ली पुलिस उपायुक्त को समय समय पर पुलिस थाने का मुआयना करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जब भी पुलिस उपायुक्त जिले का दौरा करें तो इसकी जानकारी स्थानीय निवासियों को मुहैया कराई जाए। पांच मंजिला बनी बेगमपुर पुलिस थाने की इमारत में दूसरे विभागों को शामिल करने के संकेत देते हुए वर्मा ने बताया कि अगर यहां स्थान अतिरिक्त मिलेगा, तो अपराध या यातायात विभाग को यहां भी यह भेज जा सकता है। 
      इस पुलिस थाने को बनाने का काम वर्ष 2013 में काम शुरू किया गया और पूरी इमारत को बनाए जाने में तकरीबन 40 करोड़ रूपए की लागत आई है। पुलिस थाने की खास बात है कि यह बेगमपुर न्यायिक क्षेत्र के बीचों बीच स्थापित किया गया है, जिससे स्थानीय निवासियों को खास परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। इस बात की जानकारी संयुक्त आयुक्त एके सिंह ने दी।
बाहरी दिल्ली पुलिस उपायुक्त विक्रमजीत सिंह ने बताया कि वर्ष 2009 में बेगमपुर पुलिस थाना बनाया गया, लेकिन इमारत की व्यवस्था न होने से अमन विहार पुलिस थाने के साथ ही इसको चलाया जा रहा था। दोनों पुलिस थाने किराए की इमारत से चलाए जा रहे थे। उन्होंने खुशी जताते हुए कहा किअब बेगमपुर निवासियों के पास अपना खुद का पुलिस थाना है, जिससे उनकी समस्याओं का जल्द समाधान किया जा सकेगा। 
         बताते चलें कि वर्ष 2013 में बेगमपुर पुलिस थाने की इमारत बनाने का काम शुरू किया गया था। पांच मंजिला बनी इस इमारत में मूलभूत सुविधाओं के साथ ही आराम की भी व्यवस्था की गई है। अर्थ दिवस के अवसर पर उदाघाटन होने के चलते पुलिस थाने में पौधारोपण भी किया गया। कार्यक्रम में दिल्ली पुलिस के आला अधिकारियो के साथ ही स्थानीय विधायक वेद प्रकाश, एनबीसीसी पदाधिकारी और स्थानीय निवासी मौजूद रहे। 
Copyright @ 2019.