(05/12/2016) 
परमहंस दाती महाराज ने 800 से अधिक बुजुर्ग एवं विधवाओं को कंबल बांटे।
पाली। श्री सिद्ध शक्तिपीठ शनिधाम पीठाधीश्वर सद्गुरु शनिचरणानुरागी श्री श्री 1008 महामण्डलेश्वर परमहंस दाती महाराज की प्रेरणा से श्री शनिधाम ट्रस्ट पिछले पंद्रह से भी अधिक वर्षों से असहाय एवं निराश्रित लोगों की सहायता करता आ रहा है।

उसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए जन सेवा की भावना एवं वस्त्र वितरण अभियान के तहत ट्रस्ट द्वारा आज भी पाली के खेतावास रोड स्थित श्री सिद्ध शक्तिपीठ शनिधाम में कंबल विरतरण समारोह का आयोजन किया गया। परमहंस दाती महाराज के सानिध्य तथा श्री शनिधाम ट्रस्ट एवं पाली जिला पुलिस प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित समारोह के दौरान ग्रामीण क्षेत्र की 800 से अधिक विधवा एवं बुजुर्ग माताओं, गरीबों, आसहायों, निशक्तों एवं दिव्यांगों को कंबल प्रदान किए गए। दाती महाराज ने इन सभी जरूरतमंदों को कंबल प्रदान किए। इस मौके पर उन्होंने बुजुर्ग महिलाओं की समस्याएं भी जानीं।

 राष्ट्र की सेवा मेरी प्राथमिकता - परमहंस दाती महाराज

अपने उद्बोधन में परमहंस दाती महाराज ने कहा कि राष्ट्र एवं मातृभूमि की सेवा करना प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है। हम सभी को राष्ट्र की सेवा के प्रति सदैव तत्पर रहना चाहिए। जो व्यक्ति या संत राष्ट्र हित में कार्य करता है अथवा राष्ट्र की सेवा करता है, वही सबसे बड़ा संत है। दातीश्री ने कहा कि बुजुर्ग महिलाएं माता के समान हैं और माता-पिता की सेवा करने से बड़ा पुण्य संसार में कोई और नहीं होता है।वृद्ध माता-पिता भगवान का स्वरूप होते है,उनका भरण-पोषण करना प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य तथा जिम्मेदारी होती है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र सेवा उनकी प्राथमिकता है, क्योंकि जब राष्ट्र का विकास होगा तभी राष्ट्रवासियों का जीवन खुशहाल होगा।

 निःस्वार्थ जन सेवा ही संत की सच्ची परिभाषा - परमहंस दाती महाराज

दाती महाराज ने कहा कि निःस्वार्थ जन सेवा ही संत की सच्ची परिभाषा है। गरीबों और पीड़ितों के प्रति करुणा एवं दया ही ईश्वर की पूजा है। उन्होंने कहा कि यह सौभाग्य की बात है कि उन्हें बुजुर्ग माताओं की सेवा का सौभाग्य प्राप्त हो रहा है। दातीश्री ने कहा कि दान देने वाले से दान लेने वाला महान होता है, क्योंकि वह दानदाता को पुण्य कमाने का मौका प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि हर इंसान को गरीबों एवं जरूरतमंदों की सेवा के लिए आगे आना चाहिए, जिससे उन्हें संबल मिल सके। दातीश्री ने कहा कि सर्दी के मौसम में गरीबों एवं जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने के लिए श्री शनिधाम ट्रस्ट का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। 

 जल ही जीवन है - परमहंस दाती महाराज

मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान के ब्रांड एंबेसडर परमहंस दाती महाराज ने कहा कि जल ही जीवन है। जल ही जीवन का आधार है। जल है तो कल है। इसलिए जल संरक्षण हम सभी का दायित्व है। हम सभी को जल के दुरुपयोग से बचना चाहिए। अगर जल का संरक्षण नहीं किया तो भविष्य में समस्त प्राणी जगत को बड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान में ग्रामीणों के सक्रिय सहयोग की आवश्यकता है। ग्रामीण भामाशाह तन, मन एवं धन के साथ इस योजना से जुड़ें, ताकि घर का पानी घर में, खेत का पानी खेत में और गांव का पानी गांव में ही रोककर उसका सदुपयोग किया जा सके। उन्होंने जल संरक्षण हेतु बावड़ियां, कुएं और तालाब समेत जल के अन्य श्रोत बनाने पर भी जोर दिया। दाती महाराज ने देशवासियों से स्वच्छ भारत अभियान में हर संभव सहयोग करने का आह्वान किया और कहा कि इस अभियान से जुड़कर हम सभी को अपने आस-पड़ोस की साफ-सफाई करनी चाहिए।

 पाली पुलिस अधीक्षक ने की दातीश्री के प्रयासों की प्रशंसा

पाली पुलिस अधीक्षक दीपक भार्गव ने अपने संबोधन में कहा कि श्री शनिधाम ट्रस्ट की जितनी प्रशंसा की जाए उतनी कम है। महाराजश्री की प्रेरणा से ट्रस्ट द्वारा राजस्थान में महिलाओं को जागरूक करने के लिए अनेक योजनाओं का संचालन किया जा रहा है,जो अपने आप में मिसाल हैं। उन्होंने कहा कि श्री शनिधाम ट्रस्ट कन्या भ्रूण संरक्षण एवं महिला सशक्तिकरण की दिशा में जो कार्य कर रहा है वहप्रेरणादायक और सहारनीय है। यह दातीश्री के प्रयासों का ही प्रतिफल है कि आज समाज की मानसिकता बदल रही है। बेटियों को बेटों के बराबर दर्जा दिया जा हा है। पाली समेत पूरे राजस्थान में बेटियों की संख्या में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। ट्रस्ट के बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ-देश बचाओ अभियान की महत्ता आप इस बात से समझ सकते हैं कि इसे केंद्र सरकार ने भी सहर्ष अपनाया और देशभर में लागू किया है। उन्होंने कहा कि दाती महाराज की प्रेरणा और श्री शनिधाम ट्रस्ट के प्रयासों से ही आज बेटियों, बहनों और माताओं को समाज में मान-सम्मान मिल रहा है। उन्होंने कहा कि दाती महाराज एक संत ही नहीं,वरन सैंकड़ों बेटियों के पिता, गुरु और महान समाज सुधारक भी हैं। ये न सिर्फ बेटियों का लालन-पालन करते हैं, बल्कि उन्हें उच्च एवं अत्याधुनिक शिक्षा प्रदान कर समाज की मुख्य धारा से जोड़ते हैं। बेटियों और महिलाओं को संबल प्रदान कर उन्हें इस काबिल बनाते हैं कि वे अपने पैरों पर खड़ी हो सकें, अपना जीवन स्तर सुधार सकें और देश के विकास में भी सकारात्मक योगदान दे सकें। उन्होंने कहा कि दातीश्री की प्रेरणा से श्री शनिधाम ट्रस्ट राजस्थान सरकार और पाली जिला प्रशासन के सहयोग से जन कल्याण की दर्जनों योजनाएं चला रहा है। जिसमें दाती मातृत्व बीमा योजना, दाती संकट मोचक योजना, दाती सुमंगला योजना, दाती कन्यादान योजना, दाती हाथ ठेला योजना, दाती गरीब कार्ड योजना तथा नंद घर एवं आपणी बेटी जैसी योजनाओं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट राज्य सरकार के मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान को भी तन, मन और धन से सहयोग कर रहा है। दाती महाराज स्वयं इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं।

 इस वर्ष अबतक लगभग 3000 कंबलों का वितरण किया जा चुका है

उल्लेखनीय है कि दाती महाराज के सानिध्य में ट्रस्ट द्वारा अब तक हजारों लोगों के बीच कंबल और अन्य ऊनी वस्त्रों का वितर किया चुका है। ट्रस्ट इस वर्ष अब तक लगभग 3000 लोगों को कंबल प्रदान कर चुका है। ट्रस्ट द्वारा पाली जिले के सिरियारी में 827, हिंगावास में 800 ,सोजत के बगड़ी नगर में 510 और आज श्री सिद्ध शक्तिपीठ शनिधाम में 800 से अधिक विधवा एवं बुजुर्ग माताओं और जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरित किए जा चुके हैं।

 समारोह में ये शामिल रहे

कंबल वितरण समारोह में श्रीमहंत श्रद्धापुरी जी महाराज, श्रीमहंत राधेश्यामपुरी जी महाराज, पाली पुलिस अधीक्षक दीपक भार्गव, उपाधीक्षक नरेंद्र शर्मा, यूआईटी के चेयरमैन संजय ओझा, प्रधान संजय बंजारा, कोतवाल अमर सिंह रतनु, देवेंद्र चौधरी, मोतीलाल मेवाड़ा और नरेश ओझा समेत बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा गणमान्य लोगों ने शिरकत की।

Copyright @ 2019.