(03/01/2017) 
छत्तीसगढ़ के कार्यकर्ता संकल्पवान : सौदान सिंह
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के विभाग व प्रकल्प के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री सौदान सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ के कार्यकर्ता संकल्पवान हैं, यही कारण है कि यहां तीसरी बार भाजपा की सरकार बनी है। उन्होंने कहा है कि हमें विचारधारा के साथ मजबूती से जुड़कर भी संगठन को और भी मजबूत करना होगा। भाजपा के प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में दिन भर अलग अलग सत्रों में हुए बैठकों में प्रकल्प व विभाग के पदाधिकारियों को योजना एवं कार्यक्रम के साथ जानकारी दी गई। प्रशिक्षण विभाग व पंडित दीनदयाल कार्ययोजना की बैठक हुई।

राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री  सौदान सिंह ने कार्यकर्ताओं की हौसला अफजाई करते हुए कहा कि आपके महत्वपूर्ण समय देने से संगठन मंजबूत होगा और आने वाले चुनौतियों से हम और जमकर मुकाबला कर पाएंगे। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री सुंदरलाल पटवा को श्रद्धांजलि देते कहा कि मेरे जीवन में स्व. पटवा जी को लेकर कई स्मृतियां है जो हमेशा जीवन को प्रेरित करती रहेंगी। जिनसे हमें प्रेरणा लेने की जरूरत है। पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष स्व. कुशाभाऊ ठाकरे जी के संपर्क में आकर सुंदरलाल पटवा जैसे  कर्मयोगी कार्यकर्ता का निर्माण हुआ। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता का निर्माण हमेशा विषम परिस्थितियों में होता है। ऐसे हमारे प्रेरक युग पुरूषों से हमें प्ररेणा लेनी चाहिए। 
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि केन्द्र के नेतृत्व की परिकल्पना है कि हमारे प्रकल्प व विभाग मजबूत हों और आने वाले पीढ़ी को भाजपा से अधिक से अधिक जोड़ा जाए यह हमारी योजना है। हमारे कार्यों का विस्तार होगा और हम मजबूती के साथ आने वाली हर चुनौती को स्वीकार करेंगे। उन्होंने कहा कि हमने परिश्रम से नगरीय निकाय चुनाव में जीत हासिल की है। उन्होंने कहा कि अपराजेय योद्धा की भूमिका निभाने वाले  बृजमोहन अग्रवाल, प्रेमप्रकाश पाण्डेय, अमर अग्रवाल, विधायक रोशन अग्रवाल, प्रवक्ता भूपेन्द्र सवन्नी सहित पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता बधाई के पात्र हैं। 
मोर्चा प्रभारी रामप्रताप सिंह ने कहा कि पं. दीनदयाल जन्मशताब्दी वर्ष हमारे कार्ययोजना के लिए महत्वपूर्ण है हमें युवा पीढ़ी को अधिक से अधिक पार्टी से जोडऩा होगा। 
संगठन महामंत्री पवन साय ने कहा कि यह विभाग व प्रकल्प की परिचयात्मक बैठक है जिसके लिए हम यहां आये हैं। उन्होंने प्रकल्प व विभाग के सारे पदाधिकारियों व सदस्यों का परिचय करवाया। बैठक के दौरान देश की पहली महिला आध्यापिका मां सावित्र बाई फुले को व पूर्व मुख्यमंत्री सुंदरलाल पटवा को श्रद्धांजलि दी गई।  
बैठक में मंत्री बृजमोहन अग्रवाल प्रेमप्रकाश पांडेय, अजय चंद्राकर, केदार कश्यप, लीलाराम भोजवानी, गिरधर गुप्ता, संतोष पाण्डेय, श्रीचंद सुंदरानी, नवीन मारकंडे,  अनुराग सिंहदेव व प्रदेश भर से आये पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे। 
Copyright @ 2019.