(10/07/2014) 
त्रिस्तरीय चुनाव के लिए जुटी भाजपा
रायपुर। त्रिस्तरीय नगरीय निकाय चुनाव की प्रारंभिक तैयारियों को लेकर भाजपा संगठन सक्रिय हुआ। इस कड़ी में आज एकात्म परिसर में रायपुर भाजपा ग्रामीण की बैठक पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक की अध्यक्षता में हुई ।

उन्होंने बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं ने कठिन परिश्रम से प्रदेश में तीसरी बार सरकार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है साथ ही देश के सबसे महत्वपूर्ण चुनाव, लोकसभा में भी पहली बार भाजपा को स्पष्ट बहुमत तथा एनडीए को पूर्ण बहुमत से अधिक सीट जिताने में महत्वपूर्ण योगदान दिया हंै, जिसके लिए भाजपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता बधाई के पात्र है।
श्री कौशिक ने कहा कि विधानसभा एवं लोकसभा के बाद सबसे महत्वपूर्ण चुनाव का त्रिस्तरीय चुनाव वस्तुत: जमीनी कार्यकर्ताओं का चुनाव है, जिसमें कार्यकर्ताओं को अध्यक्ष, पार्षद, जनपद, व सरपंच बनाना है। हम सब  को त्रिस्तरीय चुनाव में पूरी ताकत से जुट कर, पंच स्तर में भी भाजपा को विजय दिलाते हुए पार्टी की रीति-नीति को केन्द्र से ग्राम एवं वार्ड स्तर तक पहुंचाना है।
बैठक में प्रमुख रूप से प्रदेश महामंत्री (संगठन) रामप्रताप सिंह, पूर्व कृषि मंत्री चन्द्रशेखर साहू, विधायक देवजी भाई पटेल, नवीन मार्कण्डेय, ग्रामीण जिलाध्यक्ष बलराम तिवारी, श्याम बैस, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रूस्तम भाटी, दीपक म्हस्के, सुनील मिश्रा, गुलाब टिकरिहा, अनिल अग्रवाल, दीपक बैस सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।
Copyright @ 2019.