(22/07/2014) 
दिल्ली भाजपा का प्रतिनिधिमंडल दिल्ली की कानून व्यवस्था पर पुलिस आयुक्त से मिला
नई दिल्ली, 22 जुलाई। भाजपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष श्री सतीश उपाध्याय के नेतृत्व में भाजपा नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली के पुलिस आयुक्त श्री बी एस बस्सी से मुलाकात करके दिल्ली में बसे नोर्थ ईस्ट राज्यों के नागरिकों पर बढ़ती हिंसा और महिला सुरक्षा सहित कानून व्यवस्था के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।

दिल्ली भाजपा ने स्पष्ट किया कि दिल्ली पुलिस की कानून व्यवस्था से जुड़े किसी भी मसले पर कोताही के प्रति जीरो टोलरेंस रखेगी।  दिल्ली भाजपा ने यह भी मांग की कि भ्रष्टाचार रोकने के लिए विशेष टेलीफोन नम्बर 1064 को फिर से चालू किया जाये।  इसकी सहायता से रेहड़ी-पटरी वाले और आम आदमी भ्रष्टाचार की शिकायत कर सकेंगे। 

प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष श्री सतीश उपाध्याय के अतिरिक्त सांसद एवं प्रदेश महामंत्री श्री रमेश बिधूड़ी, श्री जय प्रकाश तथा श्रीमती शिखा राय सम्मिलित थीं।

श्री उपाध्याय ने पुलिस आयुक्त से मांग की है कि पुलिस थाना स्तर पर निचले पुलिस कर्मचारियों पर नियंत्रण और नियमित तबादले बहुत आवश्यक हैं क्योंकि इस स्तर के कर्मियों का जनता से सीधा संपर्क होता है और पुलिस एवं सरकार दोनों की छवि इनके कार्य कुशलता और ईमानदारी पर निर्भर करती है।  

उन्होंने कहा कि स्पेशल पुलिस आफिसर्स की तर्ज पर छात्रों की भी एक विशेष वालेन्टियर टीम बनाई जाये जो दिल्ली पुलिस की आंख और कान की तरह कार्य करेंगे।  वे पुलिस को विभिन्न स्तरों पर सहयोग देकर महिलाओं की सुरक्षा और नशा नियंत्रण के लिए भी भूमिका निभायेंगे।  ये छात्र/छात्रायें अपने आसपास के बुजुर्गों की सुरक्षा में भी सहभागी होंगे।  इस प्रकार छात्र/छात्राओं की भागीदारी से नशीली दवाओं के प्रयोग पर नियंत्रण होगा और छात्राओं की सुरक्षा बढ़ेगी।  साथ ही इससे युवा अभिप्रेरित होंगे और उनकी भागीदारी बढ़ेगी।  विश्वविद्यालय के ये छात्र स्वयंसेवकों के रूप में सोसल पोलिसिंग के लिए भी जनता को शिक्षित करेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष ने पुलिस आयुक्त का ध्यान दिल्ली में डाॅक्टरों और जांच केन्द्रों के बीच रोगियों का आर्थिक शोषण करने के लिए सांठगांठ पर कुछ समाचार पत्रों में दी गई खबरों की ओर भी आकृष्ट किया।  यह एक गंभीर मसला है और मेडिकल काउसिंल के अनुसार भी यह अनुचित आचरण है।

श्री उपाध्याय ने पुलिस आयुक्त के समक्ष सुझाव दिया कि दिल्ली में हर पुलिस जिले में महिला पुलिस थाना बनाया जाये।  प्रत्येक पुलिस थाने में रिशेप्शन स्तर पर शिकायत निवारण प्रणाली में सुधार करना चाहिए।  

प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस आयुक्त के समक्ष दिल्ली पुलिस द्वारा थाना स्तर पर निर्माण कार्यों में भारी हस्तक्षेप और हौकर्स को परेशान किये जाने पर मिल रही शिकायतों को रखा और मांग की कि इन दोनों मसलों में पुलिस के हस्तक्षेप को समाप्त किया जाये।

प्रदेश अध्यक्ष श्री उपाध्याय ने श्री बस्सी से दिल्ली में नशे की दबाओं के व्यापार एवं देहव्यापार पर सख्ती से कार्यवाही करने का भी अनुरोध किया।

Copyright @ 2019.