(20/08/2014) 
कुशल कारीगर देश की रीढ़: विष्णुदेव साय
रायपुर। आर्टिजन सेल, भाजपा प्रदेश एवं रायपुर जिला आर्टीजन सेल कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय इस्पात मंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि देश की सवा करोड़ जनता में से करीब 47 करोड़ श्रमिक हैं। ये संगठित- असंगठित श्रमिक देश की रीढ़ हैं।

ये समाज के पिछड़े वर्ग से हैं और खुद झोपडिय़ों में रहकर दूसरों को मकान के साथ ही अपनी कला के जरिए सुख संसाधन देते हैं। भाजपा आर्टीजन सेल से सभी श्रमिकों को जोड़कर श्रेष्ठ भारत का निर्माण करने का संकल्प लें। 
श्री साय ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित बैठक में  कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस पर दिल्ली के लाल किले से देश की जनता को संबोधित करते हुए कहा कि मैं प्रधानमंत्री नहीं बल्कि देश का प्रधान सेवक बनकर कार्य कर रहा हूं। आज देश के नौजवानों, बेरोजगारों को स्कील डेव्हलपमेंट के जरिए रोजगार देने का काम शुरू हो चुका है। परंपरागत, वंशानुगत व्यवसाय को बढ़ावा और प्रशिक्षण देकर उनकी कला को प्रोत्साहित करने केंद्र की भाजपा सरकार ने अलग से मंत्रालय बनाकर एक मंत्री को जिम्मेदारी दी है। इसके लिए 20 से 25 विभाग बनाए गए हैं। श्रम विभाग ने विकासखंड स्तर पर आईटीआई खोलने का काम शुरू किया है। प्रदेश में लावलीहूड कॉलेज भी खोले गये हैं। साथ ही अब प्रदेश के तीन जिलों में श्रमिकों के लिए 100 बिस्तर अस्पताल खोलने की योजना है जिसके लिये प्रदेश की राज्य सरकार के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने भूमि उपलब्ध कराई है और ये अस्पताल रायपुर, कोरबा, राजनांदगांव में खोले जाएंगे।
उन्होंने बताया कि केंद्रीय श्रम कानून में 1988 से संशोधन नहीं किया गया है। हमारी सरकार ने तीन बिल लाया है जिसमें से एक प्रशिक्षु बिल पारित हो गया है जबकि दो बिल भी शीघ्र ही पारित करा लेंगे। यूपीए सरकार ने कभी देश के श्रमिकों की सुध नहीं ली बल्कि उनकी अनदेखी करते आए हैं। यूपीए सरकार ने केवल भ्रष्टाचार करने में ही रूचि ली है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय श्रम मंत्रालय ने यूपीए शासनकाल में एक श्रमिक के इलाज में ही 19 करोड़ का भुगतान कर दिया, ऐसे कई और उदाहरण सामने आते जा रहे हैं। 
प्रदेश के गृहमंत्री व पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रामसेवक पैकरा ने कहा कि आर्टीजन सेल के बिना विकास की कल्पना नहीं की जा सकती। आप लोग भगवान विश्वकर्मा के अंश हैं। आप सभी के सहयोग से प्रदेश के साथ ही केंद्र में भाजपा की सरकार और भाई नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री बनकर देश में अच्छे दिन लाने दिन रात काम कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने स्कील डेव्हलपमेंट पर जोर देते हुए कहा कि मेरे देश के श्रमिकों के द्वारा निर्मित उत्पाद में गुणवत्ता होती है जिसकी सराहना विदेशों में होती है। उनकी कला को और अधिक निखारने का संकल्प लेकर सरकार उन्हें हर जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने संकल्पित है। प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने युवा कौशल उन्नयन योजना के जरिए प्रदेश के युवाओं को स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित करने की योजना का क्रियान्वयन किया है जिसका लाभ लिया जाना चाहिए। इसके साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की श्रम से संबंधित योजनाओं का लाभ लें।
भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री रामप्रताप सिंह ने कहा कि यह आर्टीजन सेल का उदय काल है। अभी शून्य से यात्रा शुरू की है। आप सभी को भाजपा के इतिहास की जानकारी होनी चाहिए। त्याग, तपस्या, कड़ी मेहनत और बलिदान के बाद आज हम इस मुकाम पर पहुंचे हैं। उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय का स्मरण करते हुए कहा कि आज भी भाजपा में हजारों हजार नेता हैं जो देश को फिर से भारत को विश्व गुरु का मान दिलाने लगातार चिंतन कर रहे हैं।
उन्होंने आर्टीजन सेल के पदाधिकारियों का आह्वान करते हुए कहा कि देश की जनता ने कांग्रेस को सत्ता से बाहर कर दिया और भाजपा को पूर्ण बहुमत के साथ जनादेश दिया है। हमारी जिम्मेदारी काफी बढ़ी है। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश को दुरावस्था से निकालने दिनरात काम करते हैं। हर मंत्रालय को समझने के साथ ही सचिवों के साथ उनकी दो से तीन घंटे रोज ही बैठक होती है। साथ ही देश को उन्नति के नये शिखर पर ले जाने निरंतर चिंतन करते हैं। आर्टीजन सेल को एक सिस्टम, व्यवस्था के साथ ही पूरे प्रदेश में निचले स्तर तक जाकर श्रमिकों को अपने से जोडऩे का काम करना होगा। हताश, उदास और निराश न हों। आने वाला समय आप सभी के लिए अच्छा होगा, यह भरोसा रखें। निश्चित ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी श्रमिकों के लिए अच्छी योजनाएं शीघ्र ही बनाएंगे। 
भाजपा नेता प्रफुल्ल विश्वकर्मा ने कहा कि यह अच्छा संकेत है कि प्रदेश के असंगठित- संगठित श्रमिक भाजपा आर्टीजन सेल से जुड़ रहे हैं। इस सेल के माध्यम से श्रमिकों की कला को प्रोत्साहित करते हुए उनके जीवन स्तर को ऊंचा उठाया जा सकता है। सामने नगरीय निकाय व पंचायत चुनाव है जिसमें आर्टीजन सेल अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने को तैयार रहे। उन्होंने कहा कि कुशल छत्तीसगढ़ निर्माण से ही कुशल राष्ट्र का निर्माण होगा। इसके लिये हम सभी को प्रयास करना होगा। 
कार्यक्रम को प्रदेश प्रभारी श्यामसुंदर जायसवाल, प्रदेश संयोजक रविशंकर कसेर ने भी संबोधित किया।  संचालन किशोरी लाल विश्वकर्मा और  आभार व्यक्त लोचन विश्वकर्मा ने किया। इस अवसर पर बालोद जिला संयोजक हेमलाल विश्वकर्मा, सह संयोजक दानीराम विश्वकर्मा, विजयचंद धाक, श्रीमती नंदिनी धाक, राजनांदगांव संयोजक बाबूलाल विश्वकर्मा, धमतरी संयोजक शेषनारायण विश्वकर्मा, सहसंयोजक परदेशी राम, दयाराम, राजकुमार विश्वकर्मा, अवधराम, छेदनलाल, बिसौहा राम, मन्नूराम , भागीरथी, जगदेवराम, सुरेश कुमार, शत्रुध्न, घुरऊराम विश्वकर्मा, ओंकार ताम्रकार, छबिराम कुंभकार, अश्वनी विश्वकर्मा, श्याम विश्वकर्मा, छोटक विश्वकर्मा, लोकश चक्रधारी, आशीष नायक, रवि, नारायण   श्रीमती गीता साहू, सतीश साहू, ओंकार ताम्रकार, उमाशंकर विश्वकर्मा सहित प्रदेश के समस्त पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य मौजूद थे।
Copyright @ 2019.