(02/09/2014) 
दिल्ली भाजपा को ताइवान यात्रा का आमंत्रण
नई दिल्ली, 2 सितम्बर। ताइवान दूतावास के ताइपाई आर्थिक एवं सांस्कृतिक प्रतिनिधि श्री सी के ताइन ने एक प्रतिनिधिमंडल के साथ आज दिल्ली भाजपा अध्यक्ष श्री सतीश उपाध्याय से भेंट की और ताइवान की सत्ताधारी पार्टी की ओर से

दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल को ताइवान यात्रा के लिए आमंत्रित किया।  इस अवसर पर दोनों नेताओं ने एक दूसरे को स्मृति चिन्ह भेंट किये।
इस अवसर पर श्री ताइन और श्री उपाध्याय के बीच ताइवान और भारत की राजनैतिक व्यवस्था और सांस्कृति समानता पर चर्चा हुई।  उन्होंने श्री उपाध्याय को बताया कि ताइवान की राजधानी ताइपाई और दिल्ली के बीच इन्फोरमेशन टेक्नाॅलोजी और संचार पर कार्य किया जा सकता है।  हाल की में ताइवान ने दिल्ली एनसीआर में एमेटी और जिन्दल विश्वविद्यालयों में सांस्कृतिक आदान प्रदान केन्द्र स्थापित किये हैं और शीघ्र ही दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू यूनिवर्सिटी में सांस्कृतिक केन्द्र स्थापित होने जा रहा है।

श्री ताइन ने प्रदेश अध्यक्ष श्री उपाध्याय को बताया कि यह हर्ष का विषय है कि 1999 में जब भाजपा ने भारत में सरकार बनाई थी तब श्री नरेन्द्र मोदी भाजपा के संगठन महामंत्री के नाते भाजपा का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल लेकर ताइवान आये थे और अब उनकी सरकार स्थापित होते ही ताइवान सरकार ने गुजरात में 120 करोड़ रूपये की लागत से स्टील प्लांट स्थापित किया है और इसके अतिरिक्त देश के विभिन्न राज्यों में ताइवान सरकार ने भारी निवेश स्वीकृत किया है।

श्री ताइन ने दिल्ली की मेट्रो सेवा की तारीफ की और ताइपाई शहर प्रशासन की ओर से दिल्ली के नगर निगमों को सफाई एवं सेनीटेशन व्यवस्था को मजबूत करने में सहयोग का प्रस्ताव रखा।  उन्होंने दिल्ली में पार्कों के नीचे बहुमंजिला पार्किंग बनाने का भी सुझाव दिया और इसमें सहयोग का प्रस्ताव रखा।  स्मरणीय है कि श्री सतीश उपाध्याय दक्षिणी दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति के अध्यक्ष हैं और श्री ताइन ने उस नाते भी उनसे चर्चा की।  
 
 
Copyright @ 2019.