(26/10/2014) 
दिल्ली भाजपा ने रेल मंत्री को छठ यात्रियों के लिये आज तक की सबसे अधिक ट्रेन चलाने पर धन्यवाद किया
नई दिल्ली, 26 अक्टूबर। दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री सतीश उपाध्याय ने पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार के लिये दिल्ली से जाने वाले यात्रियों के लिये दिनांक 26, 27 और 28 अक्टूबर को विशेष ट्रेने चलाने की भाजपा की मांग को स्वीकार करने के लिये रेलमंत्री श्री सदानंद गौड़ा को धन्यवाद दिया है।

 

इस मंजूरी के साथ ही रेलवे छठ यात्रियों के लिये आज तक की सबसे अधिक 160 विशेष ट्रेने चला सकेगी।

 

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष श्री उपाध्याय सोमवार दोपहर दिल्ली के मुख्य सचिव श्री डी.एम. सपोलिया से उनके कार्यालय में मिलेंगे, जिससे की यह सुनिश्चित हो सके की दिल्ली सरकार के सभी विभाग और तीनों नगर निगम छठ पूजा के लिये लगभग 200 घाटों पर छठ व्रतियों को सर्वोत्तम सुविधायें प्रदान कर सकें।

 

श्री उपाध्याय ने दीवाली से पूर्व ही मुख्य सचिव को पत्र लिखकर रेलवे स्टेशनों और छठ घाटों पर आपदा प्रबंधन दलों को तैनात करने की मांग की थी और अब पुनः यह मांग करेंगे की तुरंत रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा की दृष्टि से आपदा प्रबंधन दल तथा अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किये जा सकें।

 

 

 

  

Copyright @ 2019.