(11/11/2014) 
नगरीय निकायों में भी भाजपा की सरकार बनाने का संकल्प लें: अनुराग सिंह ठाकुर
रायपुर। प्रदेश भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में सोमवार को भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुराग सिंह ठाकुर ने कार्यकर्ताओं में उत्साह भरते हुए कहा कि जिस तरह से प्रदेश और केंद्र में भाजपा की सरकार बनाकर नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाया है, उसी तरह से अब नगरीय निकायों में भी भाजपा की सरकार बनाएं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस मुक्त भारत बनाने का आह्वान किया है उसे हर हाल में पूरा करना है।

श्री ठाकुर ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य कर्मठ भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए जाना जाता है। छत्तीसगढ़ भारतीय जनता युवा मोर्चा ने राष्ट्रीय नेतृत्व से जो भी जिम्मेदारी मिली उसे पूरी निष्ठा और लगन के साथ पूरा किया है। भारतीय जनता युवा मोर्चा ने राजनीति के साथ ही कई रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित कर अपनी एक अलग छवि बनाई है। आज छत्तीसगढ़ भाजयुमो में कई नायाब हीरे हैं जिनसे मिलने का सौभाग्य मुझे मिल रहा है। सबसे बड़ी बात यह है कि भाजयुमो को अनुराग सिंहदेव जैसा जमीन से जुड़ा युवा प्रदेशाध्यक्ष मिला है जिसके नेतृत्व में लगातार भाजयुमो कई बड़े कार्यक्रमों के साथ ही आंदोलन किया है। अगर हम ठान लें तो इसमें कोई शक नहीं कि नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव में कांग्रेस का सुपड़ा साफ न कर सकें। 
उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष धरमलाल कौशिक, भाजपा प्रदेश महामंत्री रामप्रताप सिंह, प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, मंत्री बृजमोहन अग्रवाल जैसे कई बड़े भाजपा नेता हैं। जिनके दम पर आज छत्तीसगढ़ भाजपा ने लगातार प्रदेश में तीसरी बार सरकार बनाने में कामयाब रही है। उन्होंने कहा भारत युवा राष्ट्र है, क्योंकि भारत में अन्य देशों की तुलना में बड़ी संख्या में युवा हैं। भाजयुमो में हमें प्रतिबद्घ कार्यकर्ताओं की संख्या बढ़ानी है। मंत्री, सांसद , पद पर उन्होंने कहा कि ये चीजें गौण हैं। हमें देश भक्तों की पार्टी के तौर पर देश में जाना जाता है। हम एक विचारधारा से जुड़े हैं। हमारे पास युवाओं की ताकत है जिसमें गजब का हौसला और जज्बा है। हमें केवल धरना- प्रदर्शन तक ही सीमित नहीं रहना है बल्कि हमें केंद्र और प्रदेश की सरकारों और जनता के बीच एक सेतु के रूप में काम करना है। लोगों में एक जुनून पैदा करना है ताकि भाजपा देश में सबसे बड़े संगठन के रूप में उभरे।
नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों के संबंध में उन्होंने कहा कि देश में परिस्थितियां भाजपा के अनुकूल है और लोगों की उम्मीदों पर केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार खरा उतरने की पूरी कोशिश कर रही है। मोदी सरकार ने पेट्रोल- डीजल के दामों में लगातार कमी की, रसोई गैस के दामों में कमी की। महंगाई पर पूर्ण नियंत्रण करने के साथ ही प्याज के दामों में भारी कमी करते हुए उसे स्थिर किया है। ईराक,लीबिया,जोर्डन में फंसे भारतीयों को सकुशल दश में लाने में सुषमा जी एवं नरेन्द्र मोदी जी ने कार्य किया वहीं कई देशों के नागरिकों के सर कलम करन के वीडियो यू ट्यूब व टीवी चैनलों में दिखाया गए।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लाल किले से  15 अगस्त को दिए गए भाषण में पांच प्रमुख बिन्दुओं को रेखांकित करते हुए कहा कि हमें मोदी जी के स्वच्छता अभियान को दिल से लेना है और मन से जुडऩा है। इसे हमें जन अभियान के रूप में लेकर काम करना है। अनुशासन पर जोर देते हुए कहा कि अनुशासन का पालन करते हुए हमें कड़ी मेहनत करनी चाहिए। आज मोदी जी की सरकार बनने के बाद मंत्री, सांसद और अधिकारी अपने कार्यालय में सुबह 9 बजे पहुंच जाते हैं। लोगों का काम आसानी से हो रहा है। 
भाजपा के सदस्यता अभियान का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भाजयुमो युवाओं के बीच जाकर उन्हें भाजपा से जोड़े। युवा चौपाल लगाकर इस सदस्यता अभियान को गति दें। हमें छत्तीसगढ़ को सिरमौर राज्य बनाने के लक्ष्य पर निरंतर आगे बढऩा है। भाजपा में कई ऐसे महान नेता हुए जिनके पास कोई पद नहीं था लेकिन अपना सर्वस्व पार्टी के लिए न्यौछावर कर दिया। अविभाजित मध्यप्रदेश में राजमाता सिंधिया ने पार्टी को हर संभव मदद दी। हमें अपने पूर्वजों के जीवन से प्रेरणा लेकर काम करने की जरूरत है। आज मुझे देश के लाखों युवाओं से मिलने और उनसे चर्चा करने का सौभाग्य मिल रहा है जिसके आगे मंत्री, सांसद का पद बौना है।
भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष धरम लाल कौशिक ने कहा कि भाजपा में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। युवाओं के दम पर ही हम छत्तीसगढ़ को देश का सिरमौर राज्य बनाने का दम रखते है। अविभाजित मध्यप्रदेश में छत्तीसगढ़ को बीमारू राज्य की श्रेणी में रखा जाता था लेकिन आज छत्तीसगढ़ राज्य देश के नवोदित राज्य में अग्रणी है। प्रदेश में भाजपा सरकार आते ही विकास का ऐसा दौर शुरू हुआ कि यूपीए सरकार ने कई पुरस्कारों से छत्तीसगढ़ को नवाजा। जब कभी देश को एक नई दिशा देने का बात आती है तो लोगों का ध्यान छत्तीसगढ़ की ओर जाता है। उन्होंने कहा कि युवाओं में अपार जोश है और इस जोश का उपयोग युवाओं को देश को आगे बढ़ाने में लगाना चाहिए।
श्री कौशिक ने कहा कि युवाओं में पहाड़ों को चूर- चूर करने की शक्ति है और नदियों का रूख मोडऩे की भी क्षमता है। भाजपा संगठन को मजबूत करने की जवाबदारी भाजयुमो पर है। उन्होंने भाजपा के सदस्यता अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि भाजयुमो स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालयों, रेलवे स्टेशनों, बस स्टैंडों में साप्ताहिक कार्यक्रम  आयोजित कर अधिक से अधिक लोगों तक भाजपा की रीति- नीति पहुंचाएं और अपना सदस्य बनाएं।
भाजपा महामंत्री(संगठन) राम प्रताप सिंह ने कहा कि देश में एक दौर ऐसा था जब कांग्रेस वर्सेस ऑल चलता था लेकिन अब परिस्थितियां बदल गई है और अब भाजपा वर्सेस ऑल चल रहा है। भाजपा को रोकने कई दल एक हो रहे हैं लेकिन देश की जनता ने उन्हें नकारना शुरू कर दिया है। कांग्रेस मुक्त भारत बनाने की दिशा में पार्टी चल रही है। छत्तीसगढ़ के युवा पार्टी के इतिहास को देखें । भाजपा ने तीसरी बार प्रदेश में सरकार बनाई यह संभव हुआ पार्टी के पूर्वजों की निष्ठा उनके त्याग, तपस्या और बलिदान से। युवाओं को अंहकार से दूर रह कर पार्टी हित में काम करने की जरूरत है। हमें एक भारत- श्रेष्ठ भारत बनाने का दिशा में अग्रसर होना है।
बैठक को भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष अनुराग सिंहदेव ने कहा कि प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के बाद नरेन्द्र मोदी ने अपने को देश का प्रधानमंत्री नहीं बल्कि एक सेवक मानकर काम शुरू किया है। युवाओं पर पूरा फोकस करते हुए उन्होंने मेक इन इंडिया का नारा दिया। युवा कौशल उन्नयन, स्वच्छता अभियान चलाकर 2019 तक स्वच्छ भारत बनाने का संकल्प लिया है। नगरीय निकाय चुनाव के संबंध में कहा कि भाजयुमो पूरी ताकत से उस चुनाव में भाजपा का परचम लहराने संकल्पित है। साथ ही नगरीय निकायों और पंचायतों में स्वच्छता अभियान चलाने का भी संकल्प लेती है।  बैठक को भाजयुमो राष्ट्रीय अपाध्यक्ष महेश गागड़ा ने भी संबोधित किया। 
इस अवसर पर मंच पर भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुराग सिंह ठाकुर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष महेश गागड़ा, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष धरम लाल कौशिक भाजपा महामंत्री संगठन रामप्रताप सिंह, भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष अनुराग सिंहदेव, विधायक श्रीचंद सुंदरानी,  प्रदेश मंत्री छगन मुंदड़ा, भाजयुमो महामंत्री आशीष अग्रवाल, विधायक नवीन मारकंडे, मोहन एंटी, विजय शर्मा, किरण उसेंडी, कमल गर्ग, सुनील साहू, हर्षिता पांडे, सुशांत शुक्ला, अमरजीत सिंह छाबड़ा, राजेश पाण्डेय, सचिन, ललित, अमित मैसेरी, भानू परमार, सहित भाजयुमो के पदाधिकारी व कार्यकर्ता बैठक में उपस्थित थे।
Copyright @ 2019.