(04/01/2015) 
भाजपा विधायक विकास कार्यों के साथ उल्लेखनीय काम भी कराएं- सुषमा स्वराज
नई दिल्ली,केंद्रीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने प्रदेश के भाजपा विधायकों से को कहा कि वे लोगों से मिलने के लिए समय तय करें और तय समय के अनुसार हर हाल में उपलब्ध रहें। केंद्रीय मंत्री ने विधायकों से कहा कि वे रोजमर्रा के विकास कार्यों के साथ अपने-अपने क्षेत्र में एक ऐसा उल्लेखनीय काम भी कराएं जिसे संबंधित क्षेत्र के लोग हमेशा याद करें।

केंद्रीय विदेश मंत्री आज सूरजकुंड में भाजपा के तीन दिवसीय नवनिर्वाचित प्रशिक्षण शिविर के समापन सत्र में भाजपा के विधायकों को संबोधित कर रही थी। उन्होंने भाजपा विधायकों से आह्वान किया है कि वे विकास और सुशासन की अलग-अलग परिभाषा रखते हुए कार्य करें। उन्होंने कहा विकास की जड़ में भ्रष्टाचार होगा तो सुशासन के मायने खत्म हो जाएंगे। उन्होंने कहा भाजपा की प्रदेश सरकार ने भी मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में विकास के साथ सुशासन की परिकल्पना की है। इससे पहले रविवार को ही केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, राव इंद्रजीत, भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल जी व प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला ने भी प्रशिक्षण शिविर को संबोधित किया। उल्लेखनीय है इस प्रशिक्षण शिविर में प्रदेश के मुख्यमंत्री, मंत्रियों और विधायकों ने भागीदारी की। 
केंद्रीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने कहा कि मेरी राजनीतिक यात्रा भी हरियाणा से 1977 में बतौर विधायक शुरू हुई थी, उस समय इस तरह के प्रशिक्षण शिविर नहीं लगते थे, जो कुछ सीखा वह अनुभव से ही सीखा है। उन्होंने विधायकों से लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा के 4 से 47 विधायक बने हैं, ये प्रदेश के लोगों की उम्मीद और आस्था का वोट है। प्रदेश के लोगों की उम्मीद है कि भाजपा राज्य में साफ-सुथरा शासन देगी। पार्टी के सभी विधायक भी लोगों की इस उम्मीद पर खरा उतरें। उन्होंने कहा आम आदमी के लिए शासन मददगार साबित होगा तो ही सुशासन आएगा। आम आदमी प्रदेश में सुशासन को महससू करे, विधायक इस लक्ष्य को लेकर चलें तो ही पार्टी को प्रदेश की जनता में विशिष्ट पहचान मिलेगी। हमारा लक्ष्य हैं कि हरियाणा राज्य भी सुशासन वाले राज्यों में शुमार राज्यों की श्रृंखला में शामिल हो।
उन्होंने विधायकों को प्रभावी विधायक के तौर पर स्थापित होने के लिए क्षेत्र व विधानसभा में सक्रियता के साथ-साथ विकास में गतिशीलता बनाए रखने की बात कही। इस मौके पर शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा, वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कविता जैन, स्पीकर कंवर पाल गुर्जर, राज्य मंत्री विक्रम सिंह यादव, कर्ण देव कंबोज, पार्टी के प्रदेश प्रभारी डा. अनिल जैन, संगठन महामंत्री सुरेश भट, जगदीश चोपड़ा, चरण जीत भल्ला, गोविंद भारद्वाज, दीप मंगला व संदीप जोशी सहित पार्टी के अनेक प्रतिनिधि मौजूद थे।
Copyright @ 2019.