(14/01/2015) 
महिला ने पेरोल पर आये अपराधी को किया घायल
नई दिल्ली। जहांगीरपुरी इलाके में एक महिला ने दुष्कर्म के आरोपी पर किसी नुकीले हथियार से हमला कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। छानबीन के दौरान पुलिस को

-- महिला पहले रहती थी इसी युवक के साथ लिव-इन-रिलेशन में 
-- जब युवक ने किसी और से शादी की तो युवक पर लगाया था रेप का आरोप 
-- युवक बहन की शादी के लिए पेरोल पर आया 

 पता चला कि घायल युवक पर महिला ने बीते वर्ष दुष्कर्म का आरोप लगाया था। वह बीते तीन माह से तिहाड़ जेल में बंद था। तीन दिन पूर्व ही वह बहन की शादी के लिए पैरोल लेकर बाहर आया था। पुलिस के अनुसार 25 वर्षीय समीर जहांगीरपुरी का रहने वाला है। वह बाउंसर की नौकरी करता था। वर्ष 2013 में एक दोस्त के जरिये उसकी मुलाकात एक महिला से हुई। महिला अपने पति से अलग होकर साउथ एक्स में रहती थी। बताया जाता है कि समीर कुछ समय तक लिव-इन-रिलेशन में महिला के साथ उसके घर पर रहा। फरवरी 2014 में दोनों के बीच कहासुनी होने पर वह अलग हो गए थे। बीते सितम्बर माह में समीर ने मालवीय नगर की रहने वाली एक युवती से निकाह कर लिया। इसका पता चलने पर महिला ने हौजखास थाने जाकर उसकी शिकायत की। महिला ने उसके ऊपर दुष्कर्म एवं छेड़छाड़ का आरोप लगाया। पुलिस ने महिला के बयान पर इस संबंध में मामला दर्ज कर आरोपी समीर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। बीते 10 जनवरी को वह तीन दिन की पैरोल लेकर बहन की शादी में शामिल होने के लिए जेल से बाहर आया था। बीते मंगलवार शाम महिला को पता चला कि समीर जेल से बाहर आ रखा है। वह अपने  एक सहयोगी के साथ उसके घर पहुंची और किसी नुकीले हथियार से समीर के पेट पर वार कर दिया। जहांगीरपुरी पुलिस मामले की जांच कर रही है।

दिल्ली से रविन्द्र कुमार की रिपोर्ट

Copyright @ 2019.