राष्ट्रीय (04/04/2015) 
14 दिनों की न्‍यायिक अभिरक्षा में भेजी गई फर्जी आईएएस

देहरादून । फर्जी आईएएस ऑफिसर रूबी चौधरी को कोर्ट ने 14 दिनों की न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। पुलिस ने रूबी की 3 दिनों की हिरासत मांगी थी। दरअसल पुलिस रूबी की लैपटॉप बरामद करना चाहती है। रूबी ने पुलिस को बताया था कि उसने इसी लैपटॉप से फर्जी अप्वाइंटमेंट लेटर बनाया था। न्यायालय ने मामले की सुनवाई के लिए 6 अप्रैल की तिथि तय की है।

इससे पहले, सवालों से घिरी पुलिस ने आखिरकार जांच शुरू होने के 36 घंटे बाद रूबी को गिरफ्तार कर लिया था। गुरुवार देर रात रूबी के लिए होटल तलाश रही पुलिस शुक्रवार देर रात अचानक होटल पहुंची और रूबी को लेकर अज्ञात स्थान की ओर रवाना हो गई। रूबी की गिरफ्तारी के दौरान तेवर तल्ख दिखे। हालांकि, देर रात एसएसपी पुष्पक ज्योति ने बताया कि एसआइटी ने रूबी को हिरासत में ले लिया है। लेकिन, एसपी (सिटी) अजय सिंह ने देर रात ही रूबी की गिरफ्तारी की पुष्टि की।

लाल बहादुर शास्त्री अकादमी के उपनिदेशक सौरभ जैन पर मीडिया के सामने गंभीर आरोप लगाने वाली रूबी चौधरी स्वयं धोखाधड़ी की आरोपी है, बावजूद इसके पुलिस उसकी गिरफ्तारी से कन्नी काटती रही। यहां तक कि पुलिस उसकी मेहमान नवाजी में जुटी थी। यह अलग बात है कि शुक्रवार को रूबी ने पुलिस पर आरोपों की बौछार करते हुए आत्महत्या करने की धमकी दे डाली। रूबी ने कहा कि पुलिस एलबीएसएए के दबाव में है। मेरी रिपोर्ट तक दर्ज नहीं की गई।

Copyright @ 2019.