राष्ट्रीय (06/04/2015) 
डॉ.गर्ग के पुत्र धमका रहे गवाहों व पीड़िता को
सिवनी : प्रभारी जिला आयुष अधिकारी रहे डॉ.सतीश दत्त गर्ग के दो पुत्रों पर डॉ.गर्ग के विरूद्ध शिकायत करने वाली पीड़िता और मामले के गवाहों को धमकाने के आरोप लगे हैं।

अधीनस्थ महिला कर्मचारी के शारीरिक शोषण के मामले में फंसे प्रभारी जिला आयुष अधिकारी डॉ.एस.डी.गर्ग पर कार्यवाही करने की मांग स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के अध्यक्ष टीकाराम बघेल ने की है। 11 मार्च को आरोपी डॉ.गर्ग के खिलाफ धारा 354, 354, 294, 506 भादवि तथा एसटी एससी एक्ट के तहत हरिजन कल्याण थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया था। लंबे समय बाद भी आरोपी डॉक्टर को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पाई है।

उन्होंने कहा है कि आरोपी डॉक्टर के दो पुत्रों द्वारा लखनादौन पहुंचकर महिला कर्मचारी और गवाही देने वाले कर्मचारियों को प्रताड़ित कर डराया धमकाया जा रहा है। स्वास्थ्य कर्मचारियों का कहना है कि आरोपी डॉक्टर के पुत्र कर्मचारियों को रिपोर्ट वापिस लेने की धमकी दे रहे हैं। उनकी गुण्डागर्दी से स्वास्थ्य कर्मचारियों में भय का माहौल बना हुआ है। इस मामले में कर्मचारियों ने 30 मार्च को पुलिस अधीक्षक सिवनी से मिलकर आरोपी डॉक्टर के दोनों पुत्र गिरीश गर्ग व मनोज गर्ग पर कार्यवाही करने की मांग भी की गई थी लेकिन, इस मामले में पुलिस के द्वारा कोई कार्यवाही नहीं किए जाने के आरोप अध्यक्ष टीकाराम बघेल ने लगाए हैं।

Copyright @ 2019.