राष्ट्रीय (09/04/2015) 
प्रधान मंत्री का किया धन्यवाद
रायपुर। भाजपा राष्ट्रीय महासचिव सरोज पाण्डेय ने किसानों के हित में  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा लिए फैसले के लिए उनको धन्यवाद दिया है। उन्होनें कहा कि देश में पहली बार किसी प्रधानमंत्री ने किसानो की चिन्ता करते हुए इतनी तत्परता से निर्णय लिया है। अब तक किसी भी प्राकृतिक आपदा के कारण से 50 प्रतिशत फसल खराब होने पर ही मुआवजा मिलता था लेकिन केन्द्र की भाजपा सरकार ने 33 प्रतिशत तक फसलों के नुक्सान होने पर पूरा मुआवजा देने की ऐतिहासिक पहल की है और साथ ही मुआवजा  राशि को 50 प्रतिशत बढ़ा कर पहले से डेढ़ गुणा कर दिया है जो कि सोने पे सुहागा जैसा है। भाजपा की केंन्द्र सरकार ने वर्तमान परिस्थितियों को ध्यान में रखकर गेंहू की फसल में तय माप-दण्डो में शिथिलता बरतते हुए खरीदी करने का फैसला किया है साथ ही प्राकृतिक आपदा से पीडि़त किसानों द्वारा लिये गये कर्ज की वसूली मे शिथिलता देने के लिए आर.बी.आई. ने बैंको से कहा है जो स्वागत योग्य हैं। 
सरोज पाण्डेय ने कहा कि पहले 49 प्रतिशत तक खराब फसलों पर कोई मुआवजा नहीं मिलता था जो की एक विडम्बना थी जिसका दंश किसानो को वर्षो से सहन करना पड़ रहा था। पहली बार किसानों की चिन्ता करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किसानों को बहुत बड़ी राहत पहुचाई है जिसके लिए प्रधानमंत्री व कृषिमंत्री साधुवाद के पात्र है। 
भाजपा राष्ट्रीय महासचिव ने कहा कि सोनिया गांधी ने अपनी यूपीए की सरकार में किसानों को राहत पहुचाने जैसे कोई कदम नहीं उठाये लेकिन अब सत्ता से बाहर होने पर अपने को किसान हितैषी बताने का कोई मौका कांग्रेस नहीं छोड़ती जो कांग्रेस पार्टी का दोहरा चरित्र है। 
Copyright @ 2019.