राष्ट्रीय (12/04/2015) 
मोदी विमान, तो पर्रिकर खरीद रहे थे मछली: दिग्गी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फ्रांस यात्रा के दौरान 36 राफेल लड़ाकू विमान खरीदने की घोषणा करने और रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर के इस यात्रा में उनके साथ न होने पर चुटकी लेते हुए कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने शनिवार को कहा कि घ्से मौके पर रक्षा मंत्री गोवा में मछली खरीदने में लगे थे। सिंह ने ट्विटर पर लिखा, प्रधानमंत्री जब फ्रांस में लड़ाकू विमान खरीद रहे थे, हमारे रक्षा मंत्री गोवा में मछली खरीद रहे थे।

उन्होंने कहा कि यह 'न्यूनतम सरकार और अधिकतम शासन का एक उदाहरण है। उन्होंने ट्विटर पर एक फोटो भी अपलोड किया है, जिसमें पर्रिकर हॉथ में मछली पकड़े हुए हैं। उन्होंने इस यात्रा में प्रधानमंत्री के साथ विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के न होने पर टिप्पणी करते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री जब विदेश में समझौतों पर हस्ताक्षर कर रहे हैं तो विदेश मंत्री मध्य प्रदेश के विदिशा में मोदी की भविष्य की उपलब्धियों का बखान कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि यह 'न्यूनतम सरकार और अधिकतम शासन' का एक और उदाहरण है। कांग्रेस महासचिव ने एक और ट्वीट में कहा कि मोदी का इस तरह फ्रांस से तुरंत पूरी तरह तैयार 36 राफेल जेट खरीदना क्या भारत की नई रक्षा खरीद नीति है। उन्होंने सवाल किया है कि क्या नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक और केंद्रीय सतर्कता आयोग इस पर ध्यान देगा।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा विगत में तत्कालीन प्रधानमंत्री की मनमोहन सिंह की विदेश यात्राओं पर सवाल खड़े करने के संदर्भ में भी उन्होंने एक ट्वीट लिखा है। सिंह ने कहा है, पाकिस्तान में लखवी की रिहाई हो रही है, किसान आत्महत्याएं कर रहे हैं और प्रधानमंत्री विदेश यात्रा कर रहे हैं। यदि डॉ. मनमोहन सिंह ने यह किया होता तो उस पर भाजपा एवं आरएसएस की क्या प्रतिक्रिया होती।

Copyright @ 2019.