राष्ट्रीय (16/04/2015) 
जनता परिवार के छह दलों ने बनाई नई पार्टी

नई दिल्ली । भारतीय जनता पार्टी के बढ़ते प्रभाव के खिलाफ विपक्ष को एकजुट करने के प्रयास के तहत जनता परिवार के छह दलों ने बुधवार को आपस में विलय कर एक नया दल बना दिया जिसके अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव होंगे। नई पार्टी का नाम, झंडा, चुनाव र्चिंन और नीतियों के बारे में अभी निर्णय नहीं लिया गया है। दल का नाम समाजवादी जनता दल रखे जाने की संभावना है।

समाजवादी पार्टी, जनता दल(यू), राष्ट्रीय जनता दल, जनता दल(एस), इंडियन नेशनल लोकदल तथा समाजवादी जनता पार्टी के प्रमुख नेताओं की यहां हुई बैठक में इन दलों के विलय और मुलायम सिंह यादव को इसका एवं संसदीय बोर्ड का प्रमुख बनाने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। बैठक में सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव जद(यू) के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौडा, जद(यू) प्रमुख शरद यादव, राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव, इनेलो के वरिष्ठ नेता अभय चौटाला और सजपा के प्रमुख कमल मोरारका उपस्थित थे।

बैठक में मुलायम सिंह यादव के नेतृत्व में छह सदस्यीय समिति का भी गठन किया गया जो पार्टी का नाम, झंड़ा, चुनाव र्चिंन, नीतियों और कार्यक्रमों के बारे में फैसला लेगी। समिति के सदस्यों में शरद यादव, लालू प्रसाद यादव, एच डी देवेगौड़ा, ओम प्रकाश चौटाला और कमल मोरारका शामिल होंगे। समिति बहुत जल्द सभी मामलों पर निर्णय करेगी।

बाद में मुलायम सिंह यादव ने संवाददाता सम्मेलन में बुधवार के निर्णय को घ्तिहासिक बताते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी सरकार निरंकुश ढंग से काम कर रही है और पिछले एक वर्ष में उसने कोई काम नहीं किया है। यह नया दल उसके प्रभाव को रोकेगा। यादव ने कहा कि भाजपा के शासन में रहने के बावजूद इसके सांसद-विधायक दंगा-फसाद कराने के प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि देश की आंतरिक स्थिति ठीक नहीं है, इसके बावजूद सरकार कोई कदम नहीं उठा रही है। पहले की सरकारें विभिन्न मुद्दों पर विपक्ष से बातचीत कर उसकी राय लेती थीं, लेकिन मोदी सरकार विपक्ष से कोई राय नहीं ले रही है और मनमाने ढंग से काम कर रही है। जनता परिवार को एकीकरण से आम लोगों में खुशी की लहर है। यही परिवार भाजपा के प्रभाव को समाप्त कर केन्द्र में सत्ता में आएगा।

उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार बहुत घमंड में है और यह परिवार इस घमंड को नीचे लाएगा। आज गरीब, किसान, नौजवान, दलित, अल्पसंख्यक और आदिवासियों में निराशा है। शरद यादव ने कहा कि नई पार्टी को लेकर सभी प्रमुख निर्णय तेजी से लिए जाएंगे। लालू प्रसाद यादव ने कहा कि भाजपा लोगों को गुमराह कर केन्द्र में सत्ता में आ गई है और यह राष्ट्रपिता महात्मा गांधी तक को नीचा दिखाने का प्रयास कर रही है। जनता परिवार में अहम का टकराव नहीं है और इसके नेता पूरे देश में घूम-घूम कर लागों को समाजवादी विचारधारा से लैस करेंगे।

उन्होंने कहा कि उनके लिए बिहार विधान सभा का चुनाव बहुत महत्वपूर्ण है और विश्वास व्यक्त किया कि यहां से देश में भाजपा की वापसी शुरू होगी। बिहार से बवंडर उठेगा, जो पूरे देश में फैलेगा। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि नई पार्टी काफी मजबूत होगी, जो देश की राजनीति को एक नई दिशा देगी। जनता परिवार के नेताओं की जब बैठक हो रही थी तो वहां हिन्दू सेना के कुछ समर्थक आ गए जो उत्तर प्रदेश में मंत्री आजम खान के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। बाद में पुलिस ने उन्हें वहां से हटा दिया।

Copyright @ 2019.