राष्ट्रीय (21/04/2015) 
किसानों को नजरअंदाज कर रही है 'सूटबूट' की सरकार: राहुल
नई दिल्ली । दो महीने की लम्बी छुट्टी के बाद लौटकर आए कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को लोकसभा में मोदी सरकार को लैंड बिल और ओलावृष्टि के मुद्दो पर जमकर कोसा। उन्होंने 'मोदी सरकार को उद्योपतियों और 'सूटबूट' की सरकार करार देते हुए आज आरोप लगाया कि वह किसानों और मजदूरों को पूरी तरह नजरअंदाज कर रही है और उसकी नजर किसानों की जमीन पर है। गांधी ने देश में कृषि की स्थिति पर लोकसभा में नियम 193 के तहत हुई चर्चा में भाग लेते हुए कहा कि हाल की बारिश और ओलावृष्टि से किसानों को भारी नुकसान हुआ है लेकिन सरकार को इस नुकसान का पूरी तरह अंदाजा तक नहीं है। मोदी सरकार पर गरीबों और मजदूरों को नजरअंदाज करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि उसे कॉरपोरेट जगत के बजाय इन वर्गों पर ध्यान देना चाहिए।

उन्होंने सत्तापक्ष की ओर मुखातिब होकर कहा, 'एक बात स्पष्ट है कि आपकी की सरकार किसानों की मुश्किलों को नजरअंदाज कर रही है। मजदूरों की तकलीफ नहीं समझ रही है। आपकी सरकार उद्योगपतियों, बड़े लोगों की सरकार है। सूटबूट की सरकार है। 'गांधी ने भूमि अधिग्रहण अध्यादेश का जिक्र किए बिना कहा, 'देश में किसानों की जमीन की कीमत तेजी से बढ़ रही है और आपके कॉरपोरेट दोस्त इस जमीन को चाहते हैं। एक तरफ आप किसान और मजदूरों को कमजोर कर रहे हैं और जब वे खड़े नहीं हो पाएंगे तब आप ऑर्डिनेंस की कुल्हाड़ी मारेंगे।' उन्होंने कहा कि कृषि देश की रीढ़ है और 67 प्रतिशत जनता उस पर निर्भर है।

कृषि की अनदेखी से देश आगे नहीं बढ़ सकता। किसान की मेहनत के कारण ही देश ने अन्य क्षेत्रों में भी प्रगति की है। उन्होंने आगाह किया कि किसान मजदूरों को चोट पहुंचाकर यह सरकार बड़ी गलती कर रही है क्योंकि बाद में वे उसे चोट पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि देश की शक्ति बड़ी-बड़ी गाडियां चलाने वालों और उद्योगपतियों के हाथ में नहीं बल्कि किसानों और मजदूरों के हाथ में है। 
Copyright @ 2019.