इंदौर । 70 फीसदी पुलिस वालों के घुटने खराब हैं। वे मैदान
में ठीक से दौड़-भाग भी नहीं कर सकते। यह चौंकाने वाला खुलासा डीआरपी लाइन में लगे
स्वास्थ्य शिविर में हुआ है। डीजीपी के आदेश पर रविवार को लगाए गए कैम्प में 450
जवानों का चेकअप हुआ। इसमें पता चला कि 300 से ज्यादा जवान आस्टियो आर्थाेराइटिस
बीमारी के शिकार हैं। इससे मरीज के घुटने कमजोर हो जाते हैं। मैदान में दौड़-भाग
करना मुश्किल हो जाता है। कार्यक्षमता भी प्रभावित होती है। डॉक्टरों के मुताबिक, आस्टियो आर्थाेराइटिस की बीमारी सामान्यतः
40 साल के बाद होती है। इससे मरीज के घुटने का शेप बदलने लगता है। थोड़ी-सी दौड़-भाग
करते ही उसे असहनीय दर्द होता है। घुटनों में सूजन आ जाती है। यही नहीं फिटनेस
बनाए रखने के लिए पुलिस वालों को ज्यादा शारीरिक व्यायाम कराना पड़ता है। इंदौर पुलिस में साढ़े चार हजार से ज्यादा जवान हैं। इनमें से
40 फीसदी की उम्र चालीस से ज्यादा है। शिविर में हुए खुलासे के बाद इन जवानों की
कार्यक्षमता ही सवालों के घेरे में आ गई है। पुलिस जवानों की फिटनेस भर्ती के वक्त चेक की जाती है। एक बार
भर्ती होने के बाद जवानों की नियमित जांच का कोई पैमाना ही नहीं है। यही वजह है कि
ऐसे जवान जो दौड़-भाग नहीं कर पाते, उन्हें ऑफिस का काम सौंप दिया जाता है। बताया जाता है कि भर्ती के दौरान सीना 32 इंच (बगैर फुलाए), 36 इंच (फुलाकर), ऊंचाई- न्यूनतम 5 फीट 6 इंच एवं दोनों घुटने आपस में मिलना नहीं चाहिए। |