राष्ट्रीय (27/04/2015) 
हरियाणा भी आगे आया भूकम्प पीडितो की मदद के लिए

हरियाणा सरकार ने नेपाल भूकम्प त्रासदी के परिणामस्वरूप प्रदेश के लोगों को उनके रिश्तेदारों की सलामती की जानकारी हासिल करने में सहायता करने के लिये तथा भूकम्प त्रासदी की स्थिति पर नजर रखने के लिये कण्ट्रोल रूम स्थापित कर नोडल अधिकारियों को पदनामित किया है।

     एक सरकारी प्रवक्ता ने सोमवार को यहां यह जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमन्त्री मनोहर लाल के निर्देशों पर इस कण्ट्रोल रूम की स्थापना की गई है। यह राहत सामग्री और सहायता प्रदान करने की इच्छा रखने वाले निवासियों की सहायता करेगा। मुख्यालय चंडीगढ़ पर स्थापित कण्ट्रोल रूम का नम्बर 0172-2711758 है, जिसकी निगरानी स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव द्वारा की जा रही है। हरियाणा भवन, नई दिल्ली में कण्ट्रोल रूम का नम्बर 011-23384354 और 9818672439 होगा तथा इसकी निगरानी नोडल अधिकारी रैजीडैण्ट आयुक्त, हरियाणा द्वारा की जाएगी। प्रदेश के सभी जिलों में उपायुक्तों के कार्यालयों में भी कण्ट्रोल रूम स्थापित किये गए हैं, जिनके नोडल अधिकारी सम्बन्धित सिटी मैजिस्ट्रेट होंगे।

   उन्होंने बताया कि भारत सरकार ने कैबिनेट सचिवालय में नेपाल भूकम्प के लिए राहत प्रयासों के सम्बन्ध में एक समन्वयक केन्द्र स्थापित किया है, जिसका नम्बर 011-23016696 व 011-23011241 है।

Copyright @ 2019.