राष्ट्रीय (16/05/2015) 
एक साल पूरा होने पर नए नारे के साथ मथुरा में महारैली करेंगे मोदी

मथुरा । 25 मई को मोदी सरकार का एक साल पूरा हो जाएगा। इस मौके को ऐतिहासिक बनाने के लिए भाजपा ने कई तरह की तैयारियां की हैं। केंद्र सरकार के एक साल पूरे होने के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मथुरा आएंगे। मोदी के दौरे की पुष्टि शुक्रवार को भाजपा के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने की है।

मोदी महारैली में भूमि अधिग्रहण विधेयक की अच्छाइयां बताएंगे और जनता को केंद्र सरकार की एक साल की उपलब्धियां बताकर अच्छे दिनों का अहसास कराएंगे। मोदी सरकार ने अपने एक साल पूरे होने पर एक नया नारा तैयार किया है, अब मोदी सरकार का नया नारा होगा वर्ष एक, काम अनेक, मोदी सरकार, विकास लगातार। मोदी की इस रैली को उप्र में वर्ष 2017 में होने वाले विधानसभा चुनाव की दृष्टि से काफी अहम माना जा रहा है। इस रैली में पूरे प्रदेश से कार्यकर्ता पहुंचेंगे।

सूत्रों ने बताया कि मोदी सरकार की ओर से अगले वर्ष को पं. दीनदयाल उपाध्याय शताब्दी वर्ष के रूप में मनाने का एलान कर सकते हैं। प्रधानमंत्री की मौजूदगी में केंद्र सरकार की पहली वर्षगांठ पं दीनदयाल उपाध्याय की जन्मस्थली पर मनाए जाने से भाजपा बेहद उत्साहित है। पार्टी हाईकमान में तय हुआ है कि केंद्र सरकार की पहली वर्षगांठ को पूरे उत्साह के साथ मनाए जाने के लिए पार्टी देश भर में 250 बड़ी रैलियां आयोजित करेगी।

Copyright @ 2019.