राष्ट्रीय (26/07/2015) 
जरूरत के अनुसार स्कूल, आईटीआई व इंजीनियरिंग कॉलेज खोले जाएंगे
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश भर में स्कूलों की मैपिंग करवाई जा रही है जिसके बाद नए स्कूल अथवा शैक्षणिक संस्थान खोलने के लिए लोगों को कहना नहीं पड़ेगा बल्कि जरूरत के अनुसार स्कूल, आईटीआई व इंजीनियरिंग कॉलेज खोले जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं में आमूलचूल परिवर्तन के लिए प्रयासरत है और इस दिशा में जल्द ही प्रदेश भर में 21 मेडिकल कॉलेज खोले जाएंगे जो जिलावार स्थापित करवाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री आज हिसार में न्यू लाहौरिया सीनियर सैकेंडरी स्कूल के सभागार में जिला के कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे। राजनीतिक लोगों ने बिजली बिल माफ करने की जो गलत परंपरा डाली है उसका बहुत नुकसान हुआ है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे बिजली चोरी न करें और अपने बिल जरूर भरें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि बिजली निगमों का घाटा कम होता है और वे मुनाफे में आ जाते हैं तो बिजली के रेट भी कम किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि आम आदमी के जीवन में आने वाली तमाम परेशानियों को दूर करने तथा आमजन का जीवन सहज बनाने के लिए सरकार गंभीरता के साथ नीतियां बना रही है जिसके दूरगामी परिणाम प्रदेशवासियों को देखने को मिलेंगे। इस अवसर पर मुख्य संसदीय सचिव डॉ. कमल गुप्ता ने मुख्यमंत्री का स्वागत व अभिनंदन किया।
        मुख्यमंत्री ने कहा कि वे जहां जाते हैं, हजारों-लाखों लोग अपनी समस्याओं को लेकर उनसे मिलते हैं। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत परेशानियां शायद 20 साल में भी दूर न हों लेकिन उनकी सरकार की प्राथमिकता अधिकतम लोगों की सामूहिक समस्याओं को पहले हल करने की नीति अपनाकर प्रदेशवासियों को व्यापक राहत देने की है। उन्होंने कहा कि ई-रजिस्ट्री के माध्यम से आज तहसीलों में भ्रष्टाचार पर अंकुश लगा है और सुबह रजिस्ट्री करवाने वालों को उसी दिन नई रजिस्ट्री के कागजात मिल जाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में राइट-टू-सर्विस एक्ट लागू किया गया है जिसके तहत 164 सरकारी सेवाओं को समयबद्ध किया गया है जिनमें से 24 सेवाएं तो ऐसी हैं जो नागरिकों को आवेदन करने के बाद हाथों-हाथ मिलेंगी। सरकार ने गांव-गांव सिविल सर्विस कॉमन सेंटर खोले जा रहे हैं जिनका लाभ ग्रामीणों को मिलने लगा है।
        उन्होंने कहा कि प्रदेश में 26 अक्टूबर 2014 को भाजपा सरकार बनी थी जिसे आज 9 माह पूरे हो गए हैं। हम सबके सहयोग से वो काम कर रहे हैं जिसके बारे में किसी ने सोचा भी नहीं, करना तो बहुत दूर की बात है। मुख्यमंत्री ने कहा कि योजनाओं का लाभ जरूरतमंद तक पहुंचाने के लिए सबको सहयोग करना चाहिए।
        उन्होंने कहा कि हिसार जिला के प्रगति के द्वार खुल चुके हैं। यहां के लिए जो-जो घोषणाएं सरकार द्वारा की गई हैं उन सभी को निश्चित रूप से पूरा करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जल्द ही शहर की डेयरियों को शिफ्ट करने के लिए शहर से बाहर 25-25 एकड़ में चार स्थानों पर डेयरियां विकसित की जाएंगी। हिसार-डबवाली तक फोरलेन का कार्य शुरू हो चुका है। उन्होंने शहरवासियों से मुख्य संसदीय सचिव डॉ. कमल गुप्ता का सहयोग करने व उनका उत्साह बढ़ाने का आह्वान किया और उन्हें भरोसा दिलाया कि शहर के विकास के लिए उनके सुझावों के तहत अधिक से अधिक काम करवाए जाएंगे।
        इस मौके पर मुख्य संसदीय सचिव डॉ. कमल गुप्ता, मुख्यमंत्री के ओएसडी जवाहर यादव, कैप्टन भूपेंद्र सिंह, प्रो. छत्तरपाल सिंह, श्रीनिवास गोयल, रवि सैनी, ज्येति बेंदा, कर्णसिंह रानौलिया, एसएस पानू, सुरेंद्र सिंह पूनिया, सुरजीत कुमार, मंदीप मलिक, योगेश सिहाग, विनोद गोयत व ऋषिप्रकाश सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।
Copyright @ 2019.