राष्ट्रीय (11/08/2015) 
दिल्ली नगर निगम के आयुक्त ने किया चांदनी चौक एवं सदर पहाड़गंज क्षेत्र का निरीक्षण
उत्तरी दिल्ली नगर निगम के आयुक्त, प्रवीण गुप्ता ने आज चांदनी चौक एवं सदर पहाड़गंज क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस अवसर पर चिकित्सा सहायता एवं जन स्वास्थ्य समिति की अध्यक्ष, सुरेखा गुप्ता; शहरी क्षेत्र के उपायुक्त, नेदुचेजियन; प्रमुख अभियंता, के.पी. सिंह; मुख्य अभियंता, संजय जैन; सदर पहाड़गंज क्षेत्र की अध्यक्ष, लता सोढ़ी; सदर पहाड़गंज क्षेत्र की उपायुक्त, पदमा जायसवाल सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारीगण भी मौजूद थे।
चांदनी चौक क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान आयुक्त, प्रवीण गुप्ता ने गौरी शंकर मंदिर वाली सड़क का निरीक्षण किया। उन्होंने उद्यान विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सड़क पर लगे पेड़ो की छंटाई की जाये एवं मार्गों पर हरियाली बढ़ा कर सौन्दर्यकरण करें। इसी के साथ उन्होंने अभियांत्रिकी विभाग के विद्युत खण्ड को भी सड़क पर लगी स्ट्रीट लाईटों में से खराब लाईटों को ठीक करने के आदेश दिये।
प्रवीण गुप्ता ने सदर पहाड़गंज क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान रामनगर में खाली पड़े स्थान पर सामुदायिक भवन निर्मित करने के आदेश दिये। उन्होंने अशोका बस्ती, नबी करीम में नवनिर्मित शौचालय जो 42 सीटर (21 महिला एवं 21 पुरूष) एवं जिसमें महिलाओं व पुरूषों के लिए अलग-अलग दो स्नानघर भी है, का निरीक्षण किया।
आयुक्त महोदय ने सफाई व्यवस्था को भी और सुदृढ़ करने के आदेश दिये चूंकि ये पुराने एवं घनी आबादी वाली क्षेत्र होने के साथ-साथ वाणिज्यिक क्षेत्र भी हैं जिसके कारण अधिक से अधिक लोग इन क्षेत्रों में आते हैं।
Copyright @ 2019.