राष्ट्रीय (24/02/2016) 
राज्य परिवहन कैथल डिपू द्वारा बस सेवा शुरू
कैथल :- राज्य परिवहन के कैथल डिपू द्वारा कैथल नए बस स्टैंड से आज देश-प्रदेश की राजधानी दिल्ली व चंडीगढ़ के लिए बस सेवा शुरू कर दी गई है। दूसरे प्रदेशों को जाने वाली बसों को प्रारंभ करने से लंबे सफर पर जाने वाले यात्रियों ने राहत की सांस ली है। आरक्षण आंदोलन के कारण पिछले कई दिन से बस सेवा प्रभावित होने से आम आदमी को जो परेशानी हुई थी, वह अब दूर हो गई है। राज्य परिवहन के स्थानीय यातायात निरीक्षक परवाना राम ने बताया कि आज प्रात: से ही दिल्ली, चंडीगढ़ के लिए बस सेवा शुरू करने के साथ-साथ दूसरे जिलों को भी बस सेवा से जोड़ दिया गया है। आज हिसार, सिरसा, जींद, यमुनानगर, कुरूक्षेत्र, करनाल के लिए लगातार यात्रियों को बस सेवा उपलब्ध करवाई जा रही है। इसके अतिरिक्त उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के लिए भी लंबे रूट की बसें चलाई गई हैं। आज कैथल बस स्टैंड पर यात्रियों की गहमागहमी के बीच जिला मुख्यालय से विभिन्न गांवों को जाने वाली बस सेवा को भी बहाल कर दिया गया है। इससे देर सवेर गांव में जाने वाले यात्रियों को राज्य परिवहन की बसें उपलब्ध होने से यातायात व्यवस्था सुचारू हुई है। कैथल बस स्टैंड से विभिन्न सहकारी समितियों की बस सेवाएं लोकल रूट पर चल रही हैं। इसके अतिरिक्त आज कैथल नगर में भी विभिन्न बाजार व व्यवसायिक प्रतिष्ठान खुले रहे तथा बाजारों में लोगों की भीड़ उमडऩी शुरू हो गई है। नगर की विभिन्न सड़कों पर थ्री व्हीलर, रिक्शा व निजी वाहन सड़कों पर नजर आए। पेहवा चौका, पुराना स्टैंड, कमेटी चौक, सीवन रोड, चंदाना रोड, शहीद भगत सिंह चौक, छात्रावास रोड, ढांड रोड, जींद रोड बाईपास के अतिरिक्त अंबाला रोड पर भी वाहनों की आवाजाही सामान्य रही।
(राजकुमार अग्रवाल)
Copyright @ 2019.