विशेष (31/05/2022) 
जालंधर में ट्रिपल मर्डरः सिक्योरिटी गार्ड ने की अपनी पत्नी समेत सास - ससुर की हत्या
नागरा के पास शिव नगर में दामाद ने ट्रिपल मर्डर कर दिया। पारिवारिक विवादों के चलते उसने पत्नी और सास-ससुर को गोलियां मार कर मौत के घाट उतार दिया। आरोपी बैंक का सिक्योरिटी गार्ड है जो खुद के पास 32 बोर का रिवाल्वर रखता था। वहीं उसने भागने की जगह पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। ट्रिपल मर्डर के बाद इलाके के लोग भी सन्न रह गए। गोलियां चलने की आवाज सुनने के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद थाना एक की पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी सुनील को हिरासत में ले लिया। आरोपी का पत्नी के साथ विवाद था जिसने बातचीत के लिए सास - ससुर को घर में बुलाया था।

घटना के बाद डी.सी.पी. जगमोहन सिंह, ए.डी.सी.पी. सोहेल मीर, थाना 1 के प्रभारी सुरजीत सिंह गिल समेत सी.आई.ए. 2 के इंचार्ज इंद्रजीत सिंह फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। डी.सी.पी. जसकिरण जीत सिंह तेजा ने बताया कि , आरोपी उनकी कस्टडी में है। उन्होंने कहा कि , पारिवारिक विवाद सुनील ने अपनी पत्नी सिंपी, ससुर अशोक और सास कृष्णा की गोलियां मार कर हत्या कर दी। वहीं पुलिस ने बैंक के सिक्योरिटी गार्ड सुनील को गिरफ्तार कर लिया है।

जिस घर मे ट्रिपल मर्डर हुआ वह घर सुनील का था। उसी घर मे सुनील की मां भी रहती थी। इलाके के लोगों की माने तो, सुनील के घर से विवादों को लेकर आवाजें आती रहती थी। लोगों ने बताया कि, 3 हत्याएं करने के बाद सुनील की मां मौके से भाग गई थी।

डी.सी.पी. जसकरण जीत सिंह तेजा ने बताया कि, आरोपी सुनील ने अपने सास, ससुर और पत्नी के सिर पर ही गोली मारी हैं। वह पहले से ही हत्या करने के लिए तैयार था। सुनील ने जिस लाइसैंसी पिस्तौल से गोलियां चलाई, वह भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। आरोपी ने कुल 5 फायर किए। आरोपी सुनील का छोटा बच्चा बच गया, जिसको एक महिला पुलिस कर्मी गोद में उठाकर हौंसला बढ़ाती है। डी.सी.पी. तेजा ने कहा कि, सुनील के पास अपना लाइसैंसी रिवाल्वर है।

पंजाब से अश्वनी ठाकुर की रिपोर्ट

Copyright @ 2019.