विशेष (06/06/2022) 
राजेन्द्र नगर विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवार प्रेमलता ने आज रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष अपना नामांकन भरा। - चौ0 अनिल कुमार
आम आदमी पार्टी ने बाहरी उम्मीदवार उतारकर अपनी हार को स्वीकार कर लिया है। - चौ0 अनिल कुमार


दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चौ0 अनिल कुमार ने बताया कि, राजेन्द्र नगर विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवार  प्रेमलता  ने आज रिटर्निग आफिसर के समक्ष अपना नामांकन करवाया। प्रेमलता के नामांकन के वक्त कांग्रेस समर्थकों के अलावा वरिष्ठ नेता  ब्रहम यादव,  चतर सिंह, लीगल एवं मानव अधिकार विभाग के चैयरमेन एडवोकेट सुनील कुमार, राजेन्द्र नगर के पूर्व प्रत्याशी रॉकी तुषीड़, एडवोकेट सुरेन्द्र चौहान,भी मौजूद थे।


चौ0 अनिल कुमार ने कहा कि, कांग्रेस ने राजेन्द्र नगर विधानसभा उपचुनाव से क्षेत्रीय और जमीनी कार्यकर्ता प्रेमलता को चुनावी जंग में उतारा है जिन्होंने वर्षों तक क्षेत्र में पूसा वार्ड से निगम पार्षद रह कर अपने कर्तव्य को निभाया था। उन्होंने कहा कि , कांग्रेस उम्मीदवार को राजेन्द्र नगर विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं की पूरी जानकारी है जिन्हें चुनाव जीतने के बाद एक-एक करके हल किया जाऐगा। उन्होंने कहा कि , कांग्रेस उम्मीवार जमीनी स्तर से लेकर शीर्ष नेतृत्व के कांग्रेस कार्यकर्ता के साथ स्थानीय लोगों से जनसम्पर्क करेंगी और भाजपा और केजरीवाल सरकार के कुशासन, भ्रष्टाचार, झूठी और गुमराह करने वाली नीति को लोगों के सामने उजागर करेंगी।


चौ0 अनिल कुमार ने कहा कि, दिल्ली में 8 वर्षों से सत्तासीन आम आदमी पार्टी के पास राजेन्द्र नगर विधानसभा उपचुनाव में उतारने के लिए क्षेत्रीय कार्यकर्ता तक नही है। उन्होंने  कहा कि, चुनाव में केजरीवाल ने राजेन्द्र नगर उपचुनाव में करावल नगर के बाहरी उम्मीदवार दुर्गेश पाठक को उतारा है, जिन्हें राजेन्द्र नगर क्षेत्र की कोई जानकारी नही है। उन्होंने कहा कि, केजरीवाल द्वारा उपचुनाव में बाहरी उम्मीदवार उतारने पर आम आदमी पार्टी के क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं में भारी रोष है। उन्हांने कहा कि, राजेन्द्र नगर की मुख्य समस्या जल संकट है जिसे पिछले 8 वर्षों में आम आदमी पार्टी के विधायक राघव चढडा भी दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष होने के बावजूद खत्म नही कर पाए। उन्हांने कहा कि क्षेत्र में जल संकट इस कदर बरपाया हुआ है कि भीषण गर्मी में लोगों को टैंकर से भी पानी नही मिल पा रहा है।  


चौ0 अनिल कुमार ने कहा कि , भाजपा शासित दिल्ली नगर निगम की नाकामी की वजह से उपचुनाव क्षेत्र के इन्द्र पुरी, बुध नगर, दसघरा नारायणा क्षेत्र कई अन्य ऐसे क्षेत्र है जहां गंदगी और कूड़े के अम्बार लगे हुए है। उन्होंने कहा कि, क्षेत्र के कूड़ाघरों का लंबे समय से निस्तारण नही हुआ है कूडे की गंदगी और बदबू के कारण लोगों का जीना दूभर हो रहा है। उन्होंने कहा कि, राजेन्द्र नगर क्षेत्र में सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है और पिछले 15 वर्षों से क्षेत्र के कूड़ाघरों की हालत बदहाल बनी हुई है।


चौ0 अनिल कुमार ने कहा कि , भाजपा और आम आदमी पार्टी की सरकारों के भ्रष्टाचार के उजागर होने पर राजेन्द्र नगर की जनता इनके असली चेहरे को पहचान चुकी है। उन्होंने कहा कि, क्षेत्रीय जनता ने आम आदमी पार्टी और भाजपा के उम्मीदवारां को हराने का मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राजेन्द्र नगर का उपचुनाव भारी मतों से जीतेगी।


दिल्ली प्रदेश ओबीसी विभाग ने जातिगत जनगणना और ओबीसी आरक्षण की मांग के लिए प्रदर्शन किया और सभी जिला उपायुक्तों को ज्ञापन सौंपा।


दिल्ली प्रदेश कांग्रेस ओबीसी विभाग के चैयरमेन चौ0 विजय कुमार के नेतृत्व में सभी जिलों के उपायुक्तों को दिल्ली के मुख्यमंत्री नामित ज्ञापन सौंपे, जिसमें यह मांग की गई कि जातिगत जनगणना के आधार पर ओबीसी वर्ग को आरक्षण दिया जाना  चाहिए , जबकि केंद्र सहित राज्य सरकारां ने ओबीसी वर्ग को आरक्षण से वंचित रखा हुआ है। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि, केन्द्र सरकार निजीकरण की नीति को बंद करे, जिसमें भाजपा सरकार ने अधिकतर सरकारी संस्थानों एयरपोर्ट, बंदरगाह, लाल किला, एल.आई.सी. रेलवे, भेल, एयर लाईन्स आदि शामिल है। ओबीसी विभाग मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल से अनुरोध करता है कि, सरकार निर्देश जारी करके पिछड़ा वर्ग के साथ भेदभाव को खत्म करे उन्हें जनसंख्या के आधार पर आरक्षण दिया जाए।

Copyright @ 2019.