विशेष (29/08/2022) 
देश को देवेश चंद्र श्रीवास्तव जैसे अधिकारियों पर गर्व: प्रवेश वर्मा
..देवेश चंद्र श्रीवास्तव के सम्मान नेडरा ने कनॉट प्लेस में किया भव्य कार्यक्रम का आयोजन |


नई दिल्ली,  विश्व में भारत का नाम रोशन करने वाले डीजीपी मिजोरम देवेश चंद्र श्रीवास्तव के सम्मान में नॉर्थ ईस्ट दिल्ली डिस्ट्रिक्ट राइफल एएसोसिएशन (नेडरा) द्वारा कनॉट प्लेस में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें दिल्ली के दिग्गज नेताओं, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और नेडरा के पदाधिकारियों ने शिरकत की। इस अवसर पर सभी ने मिलकर कामयाबी का केक काटकर श्रीवास्तव को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए बधाई दी। इस मौके पर पश्चिमी दिल्ली से सांसद प्रवेश वर्मा ने कहा कि देश को ऐसे काबिल ऑफिसरों पर गर्व है। 
   इस मौके पर भारतीय तटरक्षक बल के महानिदेशक वी एस पठानिया, उत्तर पूर्वी दिल्ली से सांसद मनोज तिवारी, दिल्ली सरकार में नेता विपक्ष एवं विधायक रामवीर सिंह बिधूड़ी, स्पेशल सीपी मधूप कुमार तिवारी, डीसीपी नॉर्थ ईस्ट डिस्ट्रिक्ट संजय कुमार सेन, डीसीपी रोहिणी प्रणव तायल,  डीसीपी दिनेश गुप्ता, आरपी मीणा, एडिशनल डीसीपी साउथ ईस्ट डिस्ट्रिक्ट राजीव कुमार अंबास्ता, नॉर्थ ईस्ट दिल्ली डिस्ट्रिक्ट राइफल एसोसिएशन की जनरल सेक्रेटरी आयशा फलक, वाइस प्रेसिडेंट सतेन्द्र त्रिपाठी, सेक्रेटरी मोहन सिंह बिष्ट, कोच फलक शेर आलम आदि मौजूद रहे।
   इस मौके पर सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि देवेश चंद्र श्रीवास्तव ने अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने पूरे विश्व में भारत का नाम रोशन करते हुए वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड में देश का नाम दर्ज कराया है। मनोज तिवारी ने कहा कि विश्व धरोहर वन्य जीवो को तस्करों से बचाना और 23 अरब रुपए से अधिक की ड्रग्स को नष्ट कर नशे के खिलाफ जो देवेश चंद्र ने चोट की है वह वाकई काबिले तारीफ है। हम उनके कामों की जितनी प्रशंसा करें उतनी कम है।
    यहां बता दें कि, देवेश चंद्र श्रीवास्तव के नेतृत्व में मिजोरम पुलिस ने हाल ही में 23 अरब से अधिक की अवैध ड्रग्स को नष्ट करने और 468 विदेशी वन्यजीवों को तस्करी से बचाकर देश का नाम वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड के पन्नों पर सुनहरे अक्षरों में दर्ज कराया था। मिजोरम के मुख्यमंत्री जोरमथंगा ने भी देवेश चंद्र श्रीवास्तव के इन ऐतिहासिक कार्यों को वैश्विक स्तर पर एक बहुत बड़ी उपलब्धि बताया था।
Copyright @ 2019.