विशेष (10/09/2022) 
भूमिपूजन से हुआ, अंतरराष्ट्रीय रामलीला महोत्सव का शंखनाद
आगामी 27 सितम्बर से 5 अक्टूबर के बीच हिमालय के प्रवेश द्वार ऋषिकेश में पतित पाविनी मां गंगा के तट पर होने वाली ऐतिहासिक रामलीला के सफल सुमंगल आयोजन के लिए, गुरुवार को पूज्य स्वामी चिदानंद जी महाराज और श्री राम जन्म तीर्थ न्यास के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि महाराज के सान्निध्य में वेद मंत्रों के उच्चारण के बीच विघ्नहर्ता गणपति महाराज के आह्वान और गंगा पूजन के साथ भूमि पूजन हुआ। उत्तर प्रदेश की महिला कल्याण एवं बाल विकास  मंत्री श्रीमती बेबी रानी मौर्य एवं राज्य मंत्री श्रीमती विजय लक्ष्मी गौतम तथा प्रसिद्ध पर्यावरणविद् पद्मश्री अनिल जोशी भी भूमि पूजन में सम्मिलित हुए। 
अपने आशीर्वचन में स्वामी चिदानंद जी ने कहा, 'अंतरराष्ट्रीय रामलीला महोत्सव समिति के अध्यक्ष डॉ. वेद टंडन द्वारा पांच राज्यों के छात्रों को रामलीला के लिए चुनने का संदेश स्पष्ट है कि राष्ट्र की भावी पीढ़ी को अपने महान सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ना हम सबका दायित्व है।' 
इस अवसर पर आयोजन समिति के सभी पदाधिकारी और देश के विभिन्न राज्यों से आए रामभक्त राष्ट्र प्रेमी भी उपस्थित थे।
इस कार्यक्रम का साधना चैनल सहित कुछ अन्य चैनलों द्वारा सीधा प्रसारण भी किया गया।

Copyright @ 2019.