विशेष (14/05/2023) 
मदर्स डे पर मां यमुना के लिए निकली बाइक रैली
बड़ी संख्य में बाइकर्स मौजूद, यमुना की अविरलता व निर्मलता के लिए पूरी दिल्ली को दिया संदेश
----4 जून सुबह 6:30 बजे यमुना संसद में मानव श्रृंखला में शामिल होने की अपील
----मां यमुना दूध से किया अभिषेक, हुआ मानव श्रृंखला का ट्रायल, यमुना जी को स्वच्छ रखने की ली शपथ
नई दिल्ली।
मदर्स डे पर मां यमुना के लिए रविवार बाइक रैली निकाली गई। यमुना संसद के संयोजक रविशंकर तिवारी और युवा हल्ला बोल के राष्ट्रीय महासचिव प्रशांत कमल ने सुबह सात बजे आईटीओ छठ घट से बाइकर्स को रवाना किया। बाइक रैली में राइडिंग पार्टनर ग्रुप, इंडियन मार्शल स्क्वैड, कर्मिक राइडर व एस्टेराइड ग्रुप के 100 से ज्यादा बाइकर्स ने हिस्सा लिया। बाद में यमुना जी का दूध से अभिषेक किया गया और घाट पर मानव श्रृंखला भी बनाई गई।
इससे पहले रविवार छह बजे के पहले से ही अलग-अलग ग्रुप के बाइकर्स का आईटीओ छठ घाट पहुंचना शुरू हो गया था। इसमें ज्यादातर यूथ बाइकर्स थे। यमुना के प्रदूषण पर सबने चिंता जाहिर की। अल सुबह यमुना तट पर मौजूद साहिल शर्मा, आशीष शर्मा, रोहन यादव, बलविंदर कौर, भानु प्रताप सिंह समेत दूसरे सभी बाइकर्स ने माना कि मदर्स डे पर अपनी मां यमुना की स्वस्थ करने की मुहिम से जुड़ना सौभाग्य की बात है। पूरी दिल्ली को इस मुहिम से जुड़ना चाहिए। सबको चार जून सुबह 6:30 बजे की मानव श्रृंखला का हिस्सा बनना है।

रविशंकर तिवारी ने कहा कि अगर हमें घंटे-दो घंटे भी जल न मिले तो लगता है जान निकल जाएगी। प्रदूषित होने के बाद भी दिल्ली की प्यास यमुना जी के ही जल बुझती है। यमुना नहीं होंगी, तो दिल्ली नहीं बचेगी। यमुना संसद की मुहिम यमुना जी को नहीं, दिल्ली को, दिल्लीवालों को, खुद को बचाने की है। वहीं प्रशांत कमल ने पूरी दिल्ली से अपील की कि वह 6 जून सुबह 6:30 बजे वजीराबाद से कालिंदी कुंज के बीच बनने जा रही एतिहासिक मानव श्रृंखला का हिस्सा बनें। यमुना को अविरल व निर्मल करने की यमुना संसद की सामाजिक मुहिम देश के लिए एक मॉडल बनने जा रही है। 

इसके बाद ठीक सात बजे घाट से बाइक रैली रवाना हुई। आईटीओ चौक, डीडीयू मार्ग, मिंटो ब्रिज होती हुई यह कनॉट प्लेस के आउटर सर्किल पर पहुंची। बड़ी संख्या में यमुना के लिए निकले बाइकर को देखकर राहगीरों ने भी जयकारा लगाया। नारेबाजी पूरे रास्ते चलती रही। सीपी सर्किल का चक्कर लगाने के बाद रैली बाराखंभा रोड, मंडी हाउस व आईटीओ, विकास मार्ग होते हुए लक्ष्मी नगर पहुंची। करीब एक घंटे बाद रैली दुबारा छठ घाट पर आकर खत्म हुई।

छठ घाट पर मौजूद यमुना संसद के प्रतिनिधि अशोक उपाध्याय ने सबका स्वागत किया। फिर, यमुना जी को नमन करते हुए रविशंकर तिवारी के साथ मदर्स डे पर मां यमुना का दूध से अभिषेक किया। इसके बाद तट पर बाइकर्स के साथ मानव श्रृंखला बनाई और सभी ने शपथ ली कि वह अपने स्तर पर यमुना जी को अविरल और निर्मल करने पर यथाशक्ति प्रयास करेंगे। आखिर में सभी बाइकर्स को सर्टिफिकेट देकर विदा किया गया।
Copyright @ 2019.