अपराध (14/06/2023) 
सीलमपुर के कारोबारी की कार से 25 लाख ले उड़े बदमाश, सीसीटीवी फुटेज से पड़ताल कर रही पुलिस
दिल्ली के सीलमपुर इलाक़े में  ठक-ठक गिरोह ने जींस कारोबारी को आपना शिकार बना लिया। बदमाश कार की पिछली सीट से बैग में रखे 25 लाख रुपये उड़ाकर ले गए। पीड़ित महेंद्र सिंह सैनी की शिकायत पर सीलमपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज से जांच की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, महेंद्र सिंह परिवार के साथ बल्लभगढ़ में रहते हैं। इनका जींस की वॉशिंग का कारोबार है। एक फैक्टरी लोनी के आर्य नगर में है, जबकि दूसरी फैक्टरी गाजियाबाद की ट्रॉनिका सिटी में थी। महेंद्र ने पिछले दिनों ट्रॉनिका सिटी की फैक्टरी का सौदा कर दिया था। सोमवार को महेंद्र ने फैक्टरी का 25 लाख रुपये बयाना लिया था।

 शाम के समय वह चालक तेजपाल के साथ कार से घर लौट रहे थे। इस बीच सीलमपुर में पहुंचने पर विपरीत दिशा से आ रहे युवक-युवती ने कार के बोनट की ओर इशारा किया और आगे बढ़ गए। महेंद्र ने चालक से कहकर गाड़ी रुकवाई। कार के बोनट पर कुछ पदार्थ गिरा था। महेंद्र और तेजपाल दोनों नीचे उतरकर बोनट खोलकर चेक करने लगे। इस बीच बाइक पर आए दो लड़के कार की पिछली सीट पर रखा बैग उठाकर ले गए। पीड़ित ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने छानबीन के बाद मामला दर्ज कर लिया है।
Copyright @ 2019.