विशेष (26/04/2024) 
निरंकारी मिशन द्वारा समाज कल्याणार्थ विभिन्न कार्य
दिल्ली, 26 अप्रैल, 2024:-* बाबा गुरबचन सिंह जी ने अपना संपूर्ण जीवन समाज कल्याणार्थ अर्पित किया। एक ओर जहाँ सत्य के बोध द्वारा मानव जीवन को सभी प्रकार के भ्रमों से मुक्त करवाया वही दूसरी ओर नशाबंदी, सादा शादियाँ एवं शिक्षा जैसे समाज सुधार कार्यों से संसार के समक्ष एक आदर्श उदाहरण प्रस्तुत किया। इसी संदर्भ में बाबा गुरबचन सिंह जी की सिखलाईयों से प्रेरणा लेते हुए निरंकारी मिशन के समाज कल्याण विभाग द्वारा दिनांक 25 अप्रैल, 2024 को दो कार्यक्रम आयोजित किये गये जिसमें सादा शादियाँ एवं पहाडगंज स्कूल की प्लेटिनम जयंती सम्मिलित है।

*सादगी एवं एकत्व का सुंदर प्रतीक: निरंकारी सामूहिक शादियाँ*

सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के आशीष से सन्त निरंकारी मिशन के समाज कल्याण विभाग द्वारा मैरिज ग्राउंड, निरंकारी कॉलोनी, दिल्ली में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन हुआ जिसमें 14 नव युगल परिणय-सूत्र में बंधे। नव-विवाहित जोड़ों को दिव्य युगल ने संयुक्त रूप में अपना पावन आशीर्वाद प्रदान किया। इस शुभ अवसर पर मिशन के श्रद्धालु भक्त, वर-वधु के माता-पिता एवं परिजन उपस्थित थे। निरंकारी मिशन द्वारा हर वर्ष सादा शादियों का आयोजन किया जाता है। 

सामुहिक विवाह कार्यक्रम का आरम्भ पारम्परिक जयमाला एवं निरंकारी शादी के विशेष चिन्ह सांझा-हार द्वारा हुआ। उसके उपरांत निरंकारी लावों का गायन हुआ जिसकी प्रत्येक पंक्ति में नव विवाहित युगलों के सुखमयी जीवन हेतु अनेक कल्याणकारी शिक्षाएं प्रदत्त थी। सतगुरु माता जी, निरंकारी राजपिता जी एवं वहां उपस्थित समस्त जनों ने नव युगलों पर पुष्प वर्षा करके उनके मंगलमयी जीवन की कामना करी। 

नव विवाहित जोड़ों को पावन आशीर्वाद प्रदान करते हुए सतगुरु माता जी ने फरमाया कि गृहस्थ जीवन के लिए यह आवश्यक है कि एक दूसरे को आपस में आदर एवं सत्कार देते हुए परिवारों को भी अपना मानकर एक सुखद वैवाहिक जीवन का वास्तविक रूप में आरम्भ किया जा सकता है। भक्ति मार्ग के लिए एक दूसरे को प्रोत्साहित करते हुए सेवा, सुमिरण एवं सत्संग के साथ जोड़े। गृहस्थ जीवन की जिम्मेदारी को प्रेमपूर्वक संतुलन बनाकर जीये तभी एक सुखद जीवन का आनंद प्राप्त किया जा सकता है। 

*पहाड़गंज स्कूल के 75वें प्लेटिनम जयंती पर*
*निरंकारी सतगुरु का दिव्य आशीष*

सभी प्यार से रहें, तालमेल और पढ़ाई का ज़ज्बा बना रहे, जिससे जीवन का सुन्दर विकास हो साथ ही मानवीय मूल्यों को अपनाकर एक बेहतर इन्सान बने। सन्त निरंकारी सीनियर सेकेण्डरी स्कूल, पहाड़गंज दिल्ली के 75वें वार्षिकोत्सव के अवसर पर उपस्थित विद्यार्थियों, अभिभावकों, विद्यालय स्टाफ, टीचर्स तथा अन्य उपस्थित सज्जनों को सम्बोधित करते हुए सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज ने उक्त आशीर्वाद प्रदान किए। 

सतगुरु माता जी ने कहा कि आज इस विद्यालय का जो सजल रूप बना है निसंदेह यह लम्बी तैयारियों और 75 वर्षों के तप-त्याग का सुन्दर परिणाम है। शिक्षकों, प्रबन्धकों और छात्रों के लगातार किए गए प्रयासों से यह निखार आया है। 

सतगुरु माता जी के उद्बोधन से पूर्व छात्रों ने मनमोहक कार्यक्रम प्रस्तुत किये जिसमें सर्वप्रथम दिव्य युगल के आगमन पर एन.सी.सी. विंग के छात्रों ने सलामी देकर उनका स्वागत किया। प्राचार्या श्रीमती सीमा कोचर, चेयरपरसन श्रीमती आशा कपूर एवं विद्यालय के मैनेजर डा विजय शर्मा ने सतगुरु  माता जी एवं निरंकारी राजपिता जी का हृदय से अभिवादन किया। 

आदरणीय श्री जोगिन्दर सुखीजा, संत निरंकारी मंडल सचिव एवं आदरणीय श्री राकेश मुटरेजा प्रभारी द्वारा दिव्य युगल के कर कमलों से नींव पत्रिका का विमोचन करवाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के 75 वर्षों के इतिहास की डाक्यूमेंटरी भी दिखाई गई। श्री जोगिन्दर सुखीजा ने जानकारी देते हुए बताया कि शहंशाह जी द्वारा आध्यात्मिक शिक्षा का प्रथम स्थान पहाड़गंज का प्राइमरी स्कूल बना जिसका व्यापक स्वरूप आज हम सभी को यहाँ प्रदर्शित हो रहा है। 

कार्यक्रम में सम्मिलित हुए विद्यालय से जुड़े अनेक महात्माओं को उनकी सेवाओं के लिए सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर पूर्व चेयरमेन, मैनेजर, टीचर इत्यादि ने सम्मिलित होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। अंत में चेयरपरसन श्रीमती डा आशा कपूर ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।
Copyright @ 2019.