राष्ट्रीय (24/09/2012) 
मुख्यमंत्री ने बंगाणा-धनेटा की आधारशिला रखी--हिमाचल प्रदेश

मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने आज ऊना तथा हमीरपुर जिलों को सभी मौसमों के लिए उपयुक्त सड़क मार्ग से जोड़ने के लिए निर्मित की जाने वाली 1200 मीटर लम्बी बंगाणा-धनेटा सुरंग परियोजना की आधारशिला रखी। इस सुरंग परियोजना पर 145.47 करोड़ रुपये व्यय होने का अनुमान है तथा इससे बंगाणा और धनेटा के मध्य दूरी आठ किलोमीटर कम होगी।
प्रो. धूमल ने इस अवसर पर बंगाणा में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए ऊना तथा हमीरपुर जिलों के लोगों को सुरंग परियोजना के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह दोनों जिलों के लोगों का सपना है। चम्बा जिले के भरमौर से कांगड़ा जिले के बैजनाथ को जोड़ने के लिए होली-उतराला सुरंग, मण्डी जिले के जोगिन्द्रनगर को कुल्लू क्षेत्र से जोड़ने के लिए भुभुजोत सुरंग और बंगाणा-धनेटा सुरंग की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि बंगाणा-धनेटा पहली सुरंग परियोजना का निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा, जिसके लिए 10 करोड़ रुपये की धनराशि का प्रावधान कर दिया गया है। सुरंग के बन जाने से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, क्योंकि बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक ऊना जिले से होकर राज्य के अन्य भागों को जाते हैं। उन्होंने कहा कि सुरंगों के माध्यम से न केवल भौगोलिक क्षेत्रों को जोड़ने के बल्कि भावनात्मक रिश्तों को जोड़ने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने लोगों को एनडीए शासनकाल की याद दिलाते हुए कहा कि उस समय लोगों को उपदान दरों पर राशन सुविधाएं उपलब्ध थीं और 6 वर्षों तक मूल्य नियंत्रण में रहे। उन्होंने कहा कि मूल्य वृद्धि और यूपीए जुड़वा बहनेें हैं और दोनों का सह-अस्तित्व है। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा हिमाचल प्रदेश के साथ किए जा रहे भेदभाव की जानकारी देते हुए कहका कि प्रदेश के लोग राष्ट्र हित में सर्वोच्च बलिदान देते रहे हैं। सशस्त्र सेना अथवा जल विद्युत परियोजनाओं के निर्माण के लिए अपनी पैतृक भूमि प्रदान कर देश की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने में प्रदेश के लोगों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि देश के सर्वोच्च न्यायालय द्वारा स्वीकृत करने के बावजूद भी केंद्र प्रदेश के सभी दावों से मुकर रहा है।
प्रो. धूमल ने कहा कि अटल स्कूल यूनिफार्म योजना के अन्तर्गत स्कूल यूनिफार्म वितरण का पहला चरण पूरा कर लिया गया है तथा दूसरे चरण के शीघ्र आरम्भ होने की संभावना है। पहली से 10वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को स्कूल यूनिफार्म के दो जोड़ निःशुल्क उपलब्ध करवाए जा रहे हैं तथा सिलाई के लिए 100 रुपये प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने इस अवसर पर वर्तमान राज्य सरकार के कार्यकाल में विकास के क्षेत्र में स्थापित किए गए मील पत्थरों की जानकारी दी।

 विधायक एवं मुख्य संसदीय सचिव  विरेन्द्र कंवर ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए सुरंग परियोजना की आधारशिला रखने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने महाविद्यालय, उपमण्डलाधिकारी कार्यालय खोलने तथा विधानसभा क्षेत्र में पेयजल एवं सिंचाई योजनाएं आरम्भ करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र से गुजरने वाली विश्व स्तरीय सड़क का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इस वित्त वर्ष में विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न सड़क परियोजनाओं पर 60 करोड़ रुपये व्यय किए जा रहे हैं। क्षेत्र में 70 हैंडपंप भी स्थापित किए गए हैं। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र में हुए अन्य विकास कार्यों की जानकारी भी दी।

विधायक एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष  सतपाल सिंह सत्ती, विधायक एवं ऊना जिला भाजपा अध्यक्ष  बलबीर चैधरी, जल प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष  प्रवीण शर्मा, हिमफैड अध्यक्ष  संतोष सैणी, पंचायत समिति अध्यक्ष  कमला, हमीरपुर जिला भाजपा उपाध्यक्ष  विजय अग्निहोत्री, ऊना जिला भाजपा उपाध्यक्ष  मनोहर लाल, कुटलैहर भाजपा मंडलाध्यक्ष  सुरेश बांका, उपायुक्त  जे. आर. कटवाल, पुलिस अधीक्षक  सुमेधा द्विवेदी, अन्य वरिष्ठ अधिकारी तथा क्षेत्र के अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।

Copyright @ 2019.