राष्ट्रीय (24/09/2012) 
गृह-मंत्रालय में हिंदी-माह के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं, कार्यशाला और हिंदी व्याख्यान का आयोजन

14 सितम्बर, 1949 को हमारे देश की संविधान-सभा द्वारा देवनागरी-लिपि में लिखी जाने वाली हिंदी-भाषा को केंद्र-सरकार के काम-काज के निष्पादन के माध्यम की दृष्टि से राजभाषा के रूप में अंगीकार किया गया। इसी ऐतिहासिक दिन की याद में, प्रत्येक वर्ष 14 सितम्बर को हिंदी-दिवस मनाया जाता है। इस वर्ष, गृह मंत्रालय में 14 सितम्बर से 15 अक्तूबर, 2012 तक हिंदी-माह का आयोजन किया जा रहा है।

इस अवधि के दौरान अधिक से अधिक सरकारी काम-काज हिंदी में किए जाने की दृष्टि से प्रेरक और अनुकूल वातावरण बनाने, इस मंत्रालय के अधिकारियों और कर्मचारियों में हिंदी के प्रति और अधिक रूचि जागृत करने तथा उन्हें अपना अधिक से अधिक काम-काज मूल रूप से हिंदी में ही करने के लिए प्रेरित और प्रोत्साहित किया जा रहा है।

हिन्दी मास के दौरान विभिन्न रोचक, ज्ञानवर्द्धक और उपयोगी प्रतियोगिताएं, हिंदी-कार्यशालाओं और हिंदी के प्रतिष्ठित विद्वानों के व्याख्यानों का आयोजन भी किया जा रहा है। प्रतियोगिता में 14 सितम्बर से 15 अक्तूबर, 2012 तक के दौरान टिप्पणियां लिखने/प्रारूप तैयार करने/विभिन्न विषयक रजिस्टरों में प्रविष्टियां दर्ज करने/विभिन्न विषयक विवरण तैयार करने से संबंधित अपना काम-काज मूल रूप से हिंदी में करना जैसा शामिल है।

Copyright @ 2019.