राष्ट्रीय (08/10/2012) 
विधायक के कार्यालय पर फायरिंग
त्रिलोकपुरी के भाजपा विधायक सुनील वैद्य के कार्यालय पर शनिवार आधी रात के बाद अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग कर दी। उन्होंने दो गोलियां चलाई। एक गोली शटर में ही टकरा गई, जबकि दूसरी शटर को चीरती हुई कार्यालय की दीवार में लगी। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गई।त्रिलोकपुरी ब्लाक 17 में भाजपा विधायक सुनील वैद्य ने भूतल पर किराये पर कमरा लेकर कार्यालय खोला हुआ है। इसी मकान के प्रथम तल पर उनका चालक संजीव चौहान रहता है। रात करीब डेढ़ बजे दो लोग मोटरसाइकिल पर त्रिलोकपुरी ब्लाक 27 की ओर से आए और कार्यालय के शटर में दो गोली मारने के बाद वसुंधरा एंक्लेव की ओर फरार हो गए। आवाज सुनकर बाहर आए लोगों ने मोटरसाइकिल से दो लोगों को भागते देखा। पुलिस के अनुसार गोली तमंचे से चलाई गई है। पुलिस ने मौके से खोखा बरामद कर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और छानबीन कर रही है।
Copyright @ 2019.