राष्ट्रीय (12/10/2012) 
राज्यपाल और मुख्यमंत्री द्वारा बस दुर्घटना पर शोक व्यक्त-हिमाचल
राज्य मुख्यालय पर प्राप्त सूचना के अनुसार गत सायं किन्नौर जिला के टापरी के समीप हिमाचल पथ परिवहन निगम की एक बसे के दुर्घटनाग्रस्त होने से 13 व्यक्तियों की मृत्यु हो गई। यह बस रिकांगपियो से जालमा जा रही थी।
इस दुर्घटना में 11 व्यक्तियों की मौके पर ही मृत्यु हो गई। दो व्यक्तियों की मृत्यु आईजीएमसी, शिमला ले जाते समय हुई। पांच घायलों को जेपी अस्पताल, छोल्टू में भर्ती करवाया गया है, जबकि 21 घायलों को आईजीएमसी, शिमला भेजा गया है।
राज्यपाल उर्मिला सिंह ने दुर्घटना पर शोक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने बस दुर्घटना पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन को दुर्घटना प्रभावितों को हर संभव सहायता उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने परमपिता परमात्मा से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोक संतप्त परिजनो को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।
परिवहन मंत्री  महेन्द्र सिंह ठाकुर ने भी बस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
उपायुक्त किन्नौर  राजीव शंकर तथा पुलिस अधीक्षक वीना भारती, चिकित्सकों एवं अन्य अधिकारियों के साथ तुरंत दुर्घटना स्थल पर पहुंचे और बचाव कार्यों की देख-रेख की।
तुरन्त सहायता के रूप में दुर्घटना प्रभावितों के आश्रितों को 10,000-10,000 रुपये उपलब्ध करवाये गये। गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को 10,000-10,000 रुपये तथा अन्य घायलों को जिला प्रशासन की ओर से 5000-5000 रुपये की सहायता उपलब्ध करवाई गई।
Copyright @ 2019.