राष्ट्रीय (27/02/2013) 
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने की केन्द्रीय रेल बजट की सराहना
मुख्यमंत्री  वीरभद्र सिंह ने वर्ष 2013 के केन्द्रीय रेल बजट में हिमाचल प्रदेश के लिए तीन नई रेल लाइनों अम्ब-कांगड़ा वाया नादौन, बद्दी और बिलासपुर तथा धर्मशाला-पालमपुर का सर्वेक्षण प्रस्तावित करने के लिए केन्द्रीय रेल मंत्री श्री पवन कुमार बंसल का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि इन नई रेल लाइनों से राज्य में आर्थिक व पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
वीरभद्र सिंह ने ऊना-नंगलबांध-हजूर साहिब नंदेड वाया आनन्दपुर साहिब, मोरिंडा, चंडीगढ़, अम्बाला के मध्य साप्ताहिक नई एक्सप्रेस रेल आरम्भ करने के लिए केन्द्रीय मंत्री का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि इससे जहां लोगों को सुविधा मिलेगी, वहीं राज्य में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने सामरिक दृष्टि से राष्ट्र के लिए महत्वपूर्ण बिलासपुर-मनाली-लेह परियोजना को स्वीकृति के लिए भेजने के निर्णय का भी स्वागत किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा हाल ही में इस मामले को रेल मंत्री के समक्ष प्रभावी तरीके से उठाया था।
मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय मंत्री का शिमला में दक्षता उन्नयन केन्द्र स्थापित करने के निर्णय की भी सराहना करते हुए कहा कि इससे युवाओं को रेलवे से सम्बन्धित टेड में अपनी दक्षता बढ़ाने का अवसर प्राप्त होगा।
मुख्यमंत्री ने रेल मंत्री का यात्री किराये में कोई वृद्धि न करने के प्रस्ताव का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय रेल बजट में कई नई रेल गाडि़यां प्रस्तावित करने तथा 104 रेलवे स्टेशन को स्तरोन्नत करने से आम लोग लाभान्वित होंगे। उन्होंने रेलवे पुलिस फोर्स में महिलाओं के लिए 10 प्रतिशत सीटें आरक्षित करने के निर्णय का भी स्वागत किया। उन्होंने रेलवे में खान-पान सेवाओं में प्लास्टिक के प्रयोग न करने के प्रस्ताव की भी सराहना की तथा कहा कि इससे पर्यावरण संरक्षण में सहायता मिलेगी। उन्होंने रेल मंत्री का रेलवे में 1.51 लाख युवाओं की भर्ती के प्रस्ताव के लिए धन्यवाद किया।
मुख्यमंत्री ने राजीव गांधी खेल रत्न और ध्यान चंद पुरस्कार प्राप्त विजेताओं को प्रथम श्रेणी रेलवे पास सुविधा उपलब्ध करवाने के निर्णयों का भी स्वागत किया।
Copyright @ 2019.