राष्ट्रीय (02/03/2013) 
रिटेल ऍफ़डीआई भगाओ राष्ट्रीय अभियान आज दिल्ली से शुरू हुआ

देश भर के व्यापारियों के शीर्ष संगठन कॉन्फ़ेडरेशन ऑफ़ आल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने रिटेल व्यापार में ऍफ़ डी आई के खिलाफ निर्णायक युद्द का एलान करते हुए आज नई दिल्ली में आयोजित एक संवाददाता सम्मलेन में एक विशिष्ट तरीके का "रिटेल ऍफ़ डी आई भागो-अपने वतन को बचाओ " थीम के साथ एक राष्ट्रीय प्रचार अभियान की शुरुआत की ! यह अभियान सभी भाषाओँ में भी अनुवादित करते हुए देश भर के बाजारों, मंडियो, शहरो और गाँवों तक में व्यापक तरीके से चलाया जाएगा ! कैट ने इस अभियान को तैयार करने के लिए देश के सर्वश्रेष्ठ एडवरटाइजिंग कम्पनियों में से एक आर. के.स्वामी ग्रुप को अनुबंधित किया है जो कैट के लिए इस प्रकार के अनूठे प्रचार अभियान तैयार करेगी जिस से इस मुद्दे को देश के आम आदमी के साथ सीधे तरीके से जोड़ा जा सके ! यह देश में पहली बार है जब किसी व्यापारिक संगठन ने किसी एडवरटाइजिंग कम्पनी  को अपने प्रचार और संचार सहयोगी के रूप में मनोनित किया है !

कैट के राष्ट्रीय महामंत्री  प्रवीन खंडेलवाल ने इस सम्बन्ध में बताया की हम इस विशेष प्रचार अभियान को कैट एवं रिटेल व्यापार से जुड़े अन्य वर्गों के संयुक्त मोर्चे खुदरा ऍफ़ डी आई विरोधी राष्ट्रीय मोर्चे के बैनर तले आगामी 7 मार्च को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली विराट खुदरा स्वराज्य  बचाओ रैली में विधिवत रूप से जारी किया जायेगा ! रैली में एनडीए और वाम मोर्चा सहित  देश के विभिन्न राजनैतिक दलों के शीर्ष नेता भी मौजूद रहेंगे ! अन्य क्षेत्रीय दलों से भी रैली में शामिल रहने हेतु बातचीत चल रही है और वो भी रैली में शामिल होंगे !

 खंडेलवाल ने बताया की देश के सभी राज्यों से बड़ी संख्या में लोग "चलो दिल्ली" नारे के साथ रैली में शामिल होंगे ! पूरे देश के व्यापारियों, किसानों, हाकर्स,ट्रांसपोर्टर, लघु उद्योग, उपभोक्ता सहित रिटेल व्यापार से जुड़े अन्य वर्गों के लोगों की देश में संयुक्त रूप से आयोजित होने वाली यह पहली रैली है ! केंद्र सरकार की नीतियां विशुद्द रूप से बड़े कॉर्पोरेट घरानों और विदेशी कम्पनियों की और झुकी हुई दिखाई देती है जिसके खिलाफ हम देश भर में वातावरण बनाते हुए व्यापक समर्थन हासिल करेंगे और किसी भी कीमत पर भारत के रिटेल व्यापार में ऍफ़ डी आई को नहीं आने देंगे !

आर.के.स्वामी ग्रुप के सी ई ओ शेखर स्वामी ने प्रचार अभियान के बारे में बताते हुए कहा की  इस अभियान की,विशेषता एक अलग प्रकार का संगीतमय गीत है जो रिटेल व्यापार से जुड़े सभी वर्गों की परेशानियों को प्रदर्शित करता है ! दुकानों पर लगे साइन बोर्ड, शटर और सड़कों पर लगे होर्डिंग के माध्यम से रिटेल व्यापार में ऍफ़ डी आई के दुष्परिणामों को बहुत ही असरदार तरीके से दिखाया जाएगा जो सीधे तौर पर आम आदमी को इस विषय पर सोचने पर मजबूर कर देगा ! भारतीय तिरंगे के रंगों के परिद्रश्य में बना यह प्रचार अभियान देश भर के बाजारों,कुंचो और गलियों में बहुत जल्द ही दिखाई देगा !

इस मौके पर वरिष्ठ सांसद और लोक सभा की लोक लेखा समिति के अध्यक्ष डॉ. मुरली मनोहर जोशी, जनता दल (यु) के अध्यक्ष  शरद यादव एवं दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष  विजय गोयल भी मौजूद थे  जिन्होंने कैट के राष्ट्रीय महामंत्री श्री प्रवीन खंडेलवाल के नेतृत्व  में दिल्ली भर में चलने वाली 5 दिवसीय संपर्क यात्रा को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया ! संपर्क यात्रा के संयोजक और राष्ट्रीय मंत्री श्री रमेश खन्ना ने यात्रा के विषय में जानकारी देते हुए बताया की संपर्क यात्रा में विशेष तौर पर एक झांकी भी साथ रहेगी जिस पर फांसी के तीन फंदे होंगे जिन पर शहीद भगत सिंह, सुखदेव, राजगुरु होंगे तथा बीच में लाला लाजपत राय, चंद्रशेखर आज़ाद, अशफाक उल्ला खां और मंगल पाण्डेय  भी होंगे ! इस झांकी का सीधा अर्थ है की जिस देश को गुलामी से बचाने के लिए शहीदों ने अपने प्राणों की आहुति दे दी उसी आजादी को भारत की सरकार विदेशी कम्पनियों के हाथों बाज़ार देकर एक बार फिर देश को गुलाम बनने के ओर ले जा रही है !

Copyright @ 2019.