राष्ट्रीय (03/03/2013) 
उद्योग मंत्री का सुरक्षा नियमों की अनुपालना का आह्वान-HP

उद्योग, श्रम एवं रोजगार मंत्री  मुकेश अग्निहोत्री ने औद्योगिक संस्थानों के प्रबन्धकों, कामगारों और प्रदेश के नागरिकों का आह्वान किया है कि औद्योगिक इकाइयों में समुचित सुरक्षा उपाय अपनाए जाएं ताकि दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।  अग्निहोत्री ने 4 मार्च, 2013 को आयोजित किए जा रहे राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस के अवसर पर यह आह्वान किया है।
 मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि लोगों को औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा के बारे में जागरूक बनाने के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस देश भर में आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा से सम्बन्धित मामले आज केवल औद्योगिक संस्थानों तक ही सीमित नहीं रह गए हैं, बल्कि हमारे घरों, कार्यालयों, सड़क यातायात और दैनिक जीवन से भी यह सीधे तौर पर जुड़े हैं। इसका प्रमुख कारण यह है कि सुरक्षा सम्बन्धी उपायों को लेकर जागरूकता की कमी है और सुरक्षा नियमों की गंभीरता से अनुपालना नहीं की जाती है। यह प्रत्येक नागरिक का कत्र्तव्य है कि वह सुरक्षा मामलों पर जागरूकता उत्पन्न करे और सम्बन्धित कानूनों के क्रियान्वयन में सरकारी संस्थाओं को सहयोग प्रदान करे।
उद्योग मंत्री ने कहा कि श्रम एवं रोजगार विभाग यह सुनिश्चित बना रहा है कि कामगार व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों का प्रयोग करें, मशीनों का नियमित तौर पर निरीक्षण किया जाये और कामगारों की सुरक्षा के लिए प्रबन्धन सभी सुरक्षा उपाय अपनाए। उन्होंने कहा कि कारखानों में कार्यरत कामगारों की सुरक्षा के लिए कारखाना अधिनियम, 1948 लागू किया गया है और श्रम विभाग समय-समय पर निरीक्षणों के माध्यम से यह सुनिश्चित बना रहा है कि इसकी उल्लंलना न हो।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने कारखानों में कार्यरत सभी कामगारों को पहचान पत्र जारी करना अनिवार्य बनाया है। अभी तक 2,65,061 कामगारों को श्रम अधिकारियों द्वारा सत्यापित पहचान पत्र जारी किए जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक कारखाने के पंजीकरण से पहले उसका निरीक्षण किया जा रहा है ताकि सुरक्षा उपायों और कामगारों के स्वास्थ्य एवं कल्याण में कोई चूक न हो। इसके अलावा विभाग कारखानों के मालिकों को आवश्यक सलाह भी देता है ताकि कारखानों में बेहतर कार्य स्थिति बनी रहे और सुरक्षा प्रावधानों पर अमल किया जाए।
 अग्निहोत्री ने कहा कि श्रम एवं रोजगार विभाग ने क्षेत्रीय श्रम संस्थान फरीदाबाद के संयुक्त तत्वावधान में बद्दी में लघु एवं मध्यम स्तर के उद्योगों के प्रबन्धकों एवं कामगारों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया ताकि व्यावसायिक सुरक्षा के माध्यम से उत्पादकता बढ़ाई जा सके। विभाग ने कारखाना मालिको को जागरूक करने के लिए सुरक्षा नियमावली तैयार की है, जिसे औद्योगिक संघों के माध्यम से विभागीय अधिकारियों ने विभिन्न कारखाना मालिकों को वितरित किया है।

Copyright @ 2019.