राष्ट्रीय (04/03/2013) 
मुख्यमंत्री ने कांगड़ा में सुनीं जन समस्याएं

मुख्यमंत्री  वीरभद्र सिंह के कांगड़ा जिले के शीतकालीन प्रवास के दूसरे दिन विभिन्न स्थानों पर बड़ी संख्या में आए लोगों ने भव्य स्वागत किया।
हिमाचल पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष  केवल सिंह पठानिया की अध्यक्षता में चानमारी गांव के एक प्रतिनिधिमण्डल ने धर्मशाला में मुख्यमंत्री से अपनी मांगों को लेकर भेंट की। प्रतिनिधिमण्डल ने मुख्यमंत्री से वर्षा से लम्बित सेना के कब्जे वाली भूमि से गांव तक सड़क निर्माण की मांग की। मुख्यमंत्री ने कांगड़ा के उपायुक्त चानमारी गांव का दौरा कर ग्रामीणों एवं सैन्य अधिकारियों से मिलकर सड़क निर्माण के कार्य को शीघ्र आरम्भ करवाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री का गग्गल, मटौर व इच्छी गांवों में स्थानीय लोगों ने स्वागत किया। इच्छी गांव में स्थानीय विधायक श्री पवन काजल की अगुवाई में सैंकड़ों लोग मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए उपस्थित थे। इस अवसर पर विधायक  काजल ने मुख्यमंत्री तथा शहरी आवास मंत्री  सुधीर शर्मा को हिमाचली टोपी व शाल भेंट कर सम्मानित किया।
इस मौके पर पंचायत तकनीकी सहायक संघ के एक प्रतिनिधिमण्डल ने मुख्यमंत्री से भेंट कर 10 साल से अधिक का सेवाकाल पूर्ण कर चुके तकनीकी सहायकों को नियमित करने तथा पांच वर्ष से अधिक सेवाकाल वालों के लिये उचित नीति बनाने की मांग की। इसके अतिरिक्त, तियारा गांव के एक प्रतिनिधिमण्डल ने गांव में टयूबवैल लगाने तथा पशु औषधालय को स्तरोन्नत करने की मांग भी की।
कांगड़ा के पूर्व विधायक एवं कांग्रेस मण्डलाध्यक्ष  सुरेन्द्र काकू ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि  वीरभद्र सिंह के लम्बे अनुभव एवं दूरदर्शी सोच से हिमाचल प्रदेश का तीव्र विकास सुनिश्चित होगा।
इस अवसर पर कृषक मित्र संघ के एक प्रतिनिधिमण्डल ने मुख्यमंत्री से कृषक मित्रों के लिए ठोस नीति बनाने तथा मानदेय सम्बन्धी मांग रखी। इसके अलावा, निजी बस आपरेटर संघ, अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ कांगड़ा इकाई, पीटीए, स्टूडेंट नर्सिस संघ, टाण्डा मेडिकल कालेज सहित कई अन्य प्रतिनिधिमण्डलों तथा भारी संख्या में आम लोगों ने अपनी मांगे तथा समस्याएं मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं।
मुख्यमंत्री  वीरभद्र सिंह ने सभी लोगों तथा प्रतिनिधिमण्डलों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना तथा अधिकांश का मौके पर ही निपटारा किया, जबकि अन्य लम्बित मामलों को सम्बन्धित अधिकारियों को शीघ्र निपटारे के आदेश दिये।
इस अवसर पर शहरी विकास मंत्री  सुधीर शर्मा, विधायक  संजय रत्न एवं पवन काजल, प्रधान नगर परिषद् कांगड़ा एवं अध्यक्षा जिला कांग्रेस कमेटी  सुमन वर्मा, उपायुक्त कांगड़ा श्री सी. पालरासु, पुलिस अधीक्षक श्री बलबीर ठाकुर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी तथा क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।

Copyright @ 2019.