राष्ट्रीय (15/04/2013) 
मुख्यमंत्री ने किया राज्यस्तरीय सम्मेलन का शुभारम्भ
मुख्यमंत्री  वीरभद्र सिंह ने कहा कि शिमला के समीप पुजारली में  सत्य साईं बाबा विद्यालय और भव्य मंदिर परिसर- आनंद विलास का निर्माण  साई बाबा का स्वप्न था और यहां पढ़ने वाले विद्यार्थी सौभाग्यशाली हैं, जिन्हें आध्यात्मिक और शांत वातावरण में गुणात्मक शिक्षा ग्रहण करने का अवसर मिल रहा है।
मुख्यमंत्री आज पुजारली स्थित  सत्य साई मंदिर में आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय सम्मेलन की अध्यक्षता कर रहे थे। इस सम्मेलन का आयोजन तीन वर्ष पूर्व 15 अप्रैल, 2010 को श्री साईं बाबा के शिमला दौरे की स्मृति में किया जा रहा है। उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच सम्मेलन का शुभारम्भ किया।
 वीरभद्र सिंह ने कहा कि इस सम्मेलन का विशेष महत्व है जो  सत्य साई मिशन के लक्ष्य को आगे ले जाने में बहुत सहायक सिद्ध होगा। साई बाबा ने देश में अनेक शैक्षणिक एवं स्वास्थ्य संस्थान खोले और शिमला में इस प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान की स्थापना से हिमाचल प्रदेश के लोगों को भी उनका आशीर्वाद मिला।
मुख्यमंत्री ने कहा कि साई बाबा के देश-विदेश में असंख्य भक्त हैं, जो मानव सेवा और वैश्विक बंधुत्व के संदेश का प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। साई बाबा का हिमाचल प्रदेश के लोगों के प्रति विशेष स्नेह एवं लगाव था और वे कई बार प्रदेश भ्रमण पर आए। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह संस्थान भविष्य में और तरक्की करेगा और ज्यादा से ज्यादा विद्यार्थी लाभान्वित होंगे। सत्य साई सेवा संगठन के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में यह संगठन मानव सेवा में सराहनीय भूमिका निभाग रहा है। उन्होंने जन सेवा में विभिन्न गतिविधियों के आयोजन के लिए संगठन के प्रदेशाध्यक्ष डाॅ. श्याम सुन्दर, प्रबन्धन समिति के सदस्यों और भक्तों के प्रयासों को भी सराहा।
Copyright @ 2019.