राष्ट्रीय (16/04/2013) 
प्रदेश में सड़क के सुधार को विशेष प्राथमिकता:वीरभद्र सिंह

मुख्यमंत्री  वीरभद्र सिंह ने कहा कि वर्तमान सरकार ने राज्य में विकास को गति प्रदान की है और सभी क्षेत्रों के संतुलित विकास को प्राथमिकता प्रदान की जा रही है। पूर्व सरकार की अनदेखी के चलते प्रदेश में सड़कों की दयनीय हालत हो गयी थी तथा वर्तमान सरकार सड़कों के सुधार पर विशेष ध्यान दे रही है। मुख्यमंत्री गत सायं शिमला जिले के सराहन में एक जनसभा में बोल रहे थे।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में सड़कों की दयनीय हालत पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य में सड़कें ही परिवहन का मुख्य साधन हैं। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को सड़कों की प्राथमिकता पर मुरम्मत कार्य एवं रखरखाव के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
 वीरभद्र सिंह ने कहा कि वर्तमान सरकार ने पूर्व सरकार द्वारा डी-नोटिफाईड किए गए 149 सरकारी स्कूलों को पुनः आरम्भ करने का निर्णय लिया है ताकि बच्चों को उनके घर से अढ़ाई किलोमीटर की दूरी के भीतर शिक्षा सुविधा मिल सके।
मुख्यमंत्री ने विधानसभा चुनावों के दौरान कांग्रेस पार्टी को पूर्ण समर्थन देने के लिए लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लोगों ने ईमानदार एवं आम आदमी की सरकार को अपना स्पष्ट जनादेश दिया है। उन्होंने कहा कि कुछ नेताओं ने विधानसभा चुनावों के दौरान मतदाताओं को लुभाने के लिए बड़ी-बड़ी बातें की और झूठे आश्वासन दिए, परन्तु प्रदेश के लोगों ने उन्हें पूरी तरह नकार दिया।
रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक  नंद लाल ने क्षेत्र के लोगों द्वारा उन्हें पूर्ण समर्थन देने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने आशा व्यक्त किया कि लोक सभा चुनावों के दौरान भी लोग कांग्रेस पार्टी को इसी प्रकार समर्थन प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री  वीरभद्र सिंह के कुशल मार्गदर्शन में हिमाचल प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयां हासिल करेगा।
इस अवसर पर पूर्व लोकसभा सांसद प्रतिभा सिंह, रामुपर ब्लाॅक कांग्रेस के अध्यक्ष सतीश वर्मा, शिमला जिला महिला कांग्रेस की अध्यक्ष  चन्द्रप्रभा नेगी, पंचायत समिति रामुपर के उपाध्यक्ष  राजेन्द्र ठाकुर, कांग्रेस पार्टी के अन्य नेता एवं प्रदेश सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

Copyright @ 2019.