राष्ट्रीय (02/06/2013) 
प्रदेश में 31 जुलाई तक मछली पकड़ने पर पूर्ण प्रतिबंध
HP-प्रदेश में प्रथम जून से 31 जुलाई 2013 तक मछली पकड़ने पर पूर्ण प्रतिबन्ध रहेगा। मत्स्य पालन विभाग ने सामान्य जलाश्यों में किसी भी प्रकार के मछली शिकार पर पूर्णतः रोक लगाई है। इस अवधि के दौरान मछली की बिक्री पर भी पूर्ण रूप से प्रतिबंध रहेगा। इसके लिए विशेष कर्मचारी बल तैनात कर दिए गए हैं, जो जल एवं सड़क मार्गों से गश्त कर मत्स्य धन की सुरक्षा सुनिश्चित बनाएंगे। यह जानकारी आज यहां मत्स्य विभाग के निदेशक एवं प्रारक्षी गुरूचरण सिंह ने दी।
    उन्होंने कहा कि मत्स्य विभाग द्वारा प्रतिवर्ष सामान्य जलाश्यों में दो माह के लिए मछली पकड़ने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाता है। इस अवधि में अधिकतर महत्वपूर्ण प्रजातियों की मछलियां प्राकृतिक प्रजनन करती हैं जिससे इन जलों में स्वतः मछली बीज संग्रहण हो जाता है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष मत्स्य पालन विभाग द्वारा जलाश्यों में भारतीय मेजर कार्प एवं सिल्वर कार्प प्रजाति का मछली बीज संग्रहण किया जाएगा जिसमें 1 करोड़ 30 लाख गोबिंदसागर, 80 लाख पौंग तथा 10 लाख चमेरा जलाश्य में संग्रहित करने का प्रस्ताव है।
    निदेशक ने बताया कि बंद सीजन अवधि में अवैध मत्स्य शिकार को रोकने के उददेश्य से विभाग ने व्यापक प्रबंध किये हैं। जलाशयों में अवैध मछली शिकार की रोकथाम के लिए विशेष शिविरों का आयोजन भी किया जाएगा।
Copyright @ 2019.