राष्ट्रीय (08/06/2013) 
राज्यपाल तथा मुख्यमंत्री द्वारा बस दुर्घटना पर शोक व्यक्त-HP
राज्य मुख्यालय पर प्राप्त सूचना के अनुसार आज प्रातः सिरमौर जिले के नौहराधार से लगभग 15 किलोमीटर दूर भराड़ी में एक निजी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस दुर्घटना में 18 व्यक्तियों की मृत्यु हो गई तथा 12 से अधिक व्यक्ति घायल हो गए। यह निजी बस पुन्नरधार से सोलन जा रही थी। प्रारम्भिक सूचनाओं के अनुसार बस में लगभग 32 यात्री सवार थे।
राज्यपाल उर्मिला सिंह तथा मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने बस दुर्घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने परमपिता परमात्मा से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शाक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि मृतकों के आश्रितों को हर संभव सहायता प्रदान की जाए। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों को युद्ध स्तर पर कार्यान्वित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना भी की है।
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही सिरमौर के उपायुक्त प्रियतु मण्डल की अध्यक्षता में प्रशासन का एक दल तुरंत घटनास्थल की ओर रवाना हो गया और राहत एवं बचाव कार्य आरम्भ किए।
उपमण्डलाधिकारी संगड़ाह श्री हरबंस नेगी ने जानकारी दी कि यह दुर्घटना आज प्रातः लगभग 7.20 बजे हुई। उन्होंने कहा कि दुर्घटना में मारे गए व्यक्तियों के परिजनों को प्रशासन की ओर से त्वरित सहायता के रूप में 10-10 हजार रुपये और घायल व्यक्तियों के परिजनों को पांच-पांच हजार रुपरे मौके पर ही राहत राशि के रूप में प्रदान किए गए।
दुर्घटना की मैजिस्ट्रीयल जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष  बी.बी.एल. बुटेल, सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंत्री श्रीमती विद्या स्टोक्स, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री  कौल सिंह ठाकुर, परिवहन मंत्री  जी.एस. बाली, ऊर्जा मंत्री श्री सुजान सिंह पठानिया, वन मंत्री  ठाकुर सिंह भरमौरी, उद्योग मंत्री श्री मुकेश अग्निहोत्री, शहरी विकास मंत्री  सुधीर शर्मा, आबकारी एवं कराधान मंत्री  प्रकाश चैधरी, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डाॅ. कर्नल धनीराम शांडिल, ग्रामीण विकास मंत्री अनिल शर्मा, हि. प्र.विधानसभा उपाध्यक्ष जगत सिंह नेगी, मुख्य संसदीय सचिव  राजेश धर्माणी, विनय कुमार, नीरज भारती, जगजीवन पाल, राकेश कालिया, नंद लाल, रोहित ठाकुर, सोहन लाल और इंद्रदत्त लखनपाल ने भी बस दुर्घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया है।
Copyright @ 2019.