राष्ट्रीय (06/11/2013) 
मेरी ताकत तो हरियाणा के लोग हैं - मुख्यमंत्री हुड्डा

नई दिल्ली, 6 नवम्बर, 2013, हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने लोगों से कहा है कि मेरी ताकत तो आप हैं और 10 नवम्बर को गोहाना रैली में भारी संख्या में पहुंच कर आपको अपनी ताकत दिखानी है। नई दिल्ली में हरियाणा के सभी जिलों से आये महापौरों, नगर निगमों और नगर पालिकाओं के अध्यक्षों और पार्षदों को सम्बोधित करते हुए श्री हुड्डा ने कहा कि आजकल विपक्षी पार्टियां जगह-जगह रैलियां कर रही हैं। एक पार्टी कहती है हम भ्रष्टाचार मिटायेंगे। उनसे कहो कि वे भ्रष्टाचार बन्द कर दें, तो भ्रष्टाचार रहेगा ही नहीं। दूसरी  पार्टी कहती है, प्रदेश में कानून-व्यवस्था बिगड़ रही है और अत्याचार हो रहे हैं। कोई उनसे पूछे कि भ्रष्टाचार की जननी कौन था, जनता पर अत्याचार किसने किये थे। कुरूक्षेत्र में विपक्ष की रैली में पंजाब के मुख्यमंत्री श्री प्रकाश सिंह बादल को बुलाया गया। उन्होंने कहा कि आप मिल कर गठबंधन करो और हुड्डा को हटा कर हरियाणा में राज करो। श्री हुड्डा ने कहा यह तो सत्ता के लिए गठबंधन है, लोगों की सेवा के लिए गठबंधन नहीं। उन्होंने कहा कि मेरा गठबंधन तो हरियाणा के लोगों के साथ है, उनकी सेवा और प्रदेश के विकास के लिए गठबंधन। 

श्री हुड्डा ने स्थानीय निकायों के प्रतिनिधियों से कहा कि आप सभी लोग जनता के चुने हुए नुमाइंदे हैं, देश की प्रजातांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, जितने सचेत आप हैं, उतना और कोई नहीं। विपक्षी पार्टियों के पास कहने को तो कुछ है नहीं, वे सिर्फ लोगों को गुमराह कर रहे हैं। आप लोगों को सही रास्ता दिखा कर उन्हें बहकावे में आने से रोक सकते हैं।

                श्री हुड्डा ने कहा कि कोई अपने दादा के नाम पर, तो कोई अपने बाप के नाम पर रैली कर रहा है। मेरे दादा एक समाज सुधारक थे तथा पिता स्वतंत्रता सेनानी और संविधान सभा के सदस्य थे। मैं अपने बाप-दादा के नाम पर नहीं, बल्कि अपने काम पर वोट मांगता हूं। संविधान की दृष्टि से मैं चाहे मुख्यमंत्री हूं, लेकिन मैं अपने आप को जनता का मुख्य सेवक मानता हूं। मेरा काम लोगों की सेवा करना और हरियाणा का विकास करना है।

हरियाणा के विकास की चर्चा करते हुए श्री हुड्डा ने कहा कि मेरी सरकार ने प्रदेश के हर क्षेत्र के विकास पर ध्यान दिया है और समाज के सभी वर्गों की भलाई के लिए योजनाएं लागू की हैं। पिछली सरकार के समय वृद्धावस्था पेंशन 200 रूपये थी, जिसे हमने बढ़ा कर 500 रूपये और 700 रूपये किया है। शिक्षा के क्षेत्र में हरियाणा एक शिक्षा हब के रूप में उभर रहा है। कृषि और उद्योग में हरियाणा ने उल्लेखनीय प्रगति की है। खेलों में हरियाणा आज एक खेल शक्ति है। हमारी नीतियों और कार्यक्रमों को आज एक मिसाल के तौर पर पेश किया जाता है। प्रदेश का विकास निरंतर जारी है, लेकिन अभी बहुत कुछ करना बाकी है, जिसके लिए जनता का सहयोग बहुत जरूरी है। आप 10 नवम्बर को गोहाना में होने वाली रैली में लोगों को भारी संख्या में पहुंचने के लिए प्रेरित करें, ताकि जनता की यह शक्ति रैली एक महाशक्ति रैली बन जाये।   

इस अवसर पर राज्य सभा के सांसद डा0 राम प्रकाश ने महापौरों, निगम और नगर पालिका अध्यक्षों तथा पार्षदों से कहा कि आप  लोगों की नब्ज को अच्छी तरह पहचानते हैं और उनकी राय को प्रभावित कर सकते हैं। आप के प्रयास ऐसे हों कि 10 नवम्बर को गोहाना में गुलाबी रंग और कांग्रेस ही कांग्रेस दिखाई दे, ताकि सभी को पता लग जाये कि अगले चुनाव का फैसला क्या होगा। यह रैली एक महाकुंभ होगी। यह एक ऐसी रैली होगी, जिसका रिकार्ड नहीं टूटेगा। श्री हुड्डा के बारे में उन्होंने कहा कि यह हरियाणा की खुश किस्मती है कि उन्हें ऐसा मुख्यमंत्री मिले हैं, जो सभी के  हित चिन्तक हैं।

हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री फूल चंद मुलाना ने स्थानीय निकायों के प्रतिनिधियों से कहा कि आप सीधे लोगों से सम्बंधित हैं। अन्य राजनैतिक दल लोगों में भ्रम पैदा कर रहे हैं। उनके गठबंधन जनता के हित के लिए नहीं, अपने मतलब के लिए हैं। पहले भी उन्होंने लोगों को बहकाया और लूटा है। जब से श्री हुड्डा मुख्यमंत्री बने हैं, प्रदेश में राजनीति की दशा और दिशा बदली है। किसान और गरीब की हालत में सुधार हुआ है। गांवों और शहरों का विकास हुआ है। आप गोहाना रैली को अपनी शक्ति की रैली समझें और भारी संख्या में लोगों को गोहाना रैली में लायें।
Copyright @ 2019.