राष्ट्रीय (12/11/2013) 
भाजपा ही गरीबी दूर कर सकती है-राजनाथ सिंह
रायपुर, 12 नवम्बर। भारतीय जनतजा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने भटगांव की भाजपा प्रत्याशी श्रीमती रजनी रवि त्रिपाठी के समर्थन में विशाल आमसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि भाजपा ही गरीबी दूर कर सकती है। छत्तीसगढ़ के पीडीएस की सराहना पूरे विश्व में हो रही है। डॉ. रमन सिंह ने गरीबों, किसानों, महिलाओं, बच्चों और मजदूरों सहित हर वर्ग के हित में बेहतर काम किया है। डॉ. रमन सिंह ने आदिवासियों के लिए सर्वश्रेष्ठ काम किया है। राजनाथ सिंह ने कहा कि सबसे बेहतर सरकार चलाने वाली पार्टी भाजपा ही है। उन्होंने कहा कि किसी से नाराजगी हो सकती है लेकिन देश से नाराजगी नहीं होनी चाहिए, पार्टी से नाराजगी नहीं होना चाहिए। व्यक्ति से बड़ी पार्टी, पार्टी से बड़ा देश है। प्रदेश बचाना है तो भाजपा की सरकार बनाना है। देश बचाना है तो भाजपा की सरकार बनाना है। प्रदेश और देश में भाजपा की सरकार रहेगी तो छत्तीसगढ़ का बहुत अधिक विकास होगा, इसमें कोई दो मत नहीं है। 
भाजपा अध्यक्ष श्री सिंह ने कांग्रेस तथा उसकी केन्द्र सरकार पर प्रहार करते हुए कहा कि जब से देश में कांग्रेस की सरकार आई है, तब से महंगाई और भ्रष्टाचार बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि अटल जी ने महंगाई पर काबू रखा। इस देश में अगर किसी ने महंगाई पर लगाम कसी तो वह केवल अटल जी ही हैं। आज गरीबी, बेरोजगारी से बड़ी चुनौती यह है कि भरोसा कैसे दिलाया जाये कि इनसे छुटकारा पाया जा सकता है। यही भरोसा दिलाने भाजपा ने नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया है। दुनिया के लोग कहने लगे हैं कि 2014 में भारत में भाजपा की सरकार बनने वाली है।
उन्होंने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह तथा कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को चुनौती देते हुए कहा कि एक बार हमारे जवानों का हाथ खुला छोड़ दो, फिर देखो किसकी हिम्मत होती है हमारी सीमा की तरफ देखने की। आज हाल यह है कि चीन हमारी सीमा में घुस आता है, पाकिस्तान हमारे जवानों के सिर धड़ से अलग करके ले जाता है और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह हाथ पर हाथ रखकर बैठे रहते हैं। राजनाथ सिंह ने कांग्रेस की कार्य संस्कृति पर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस ने गांधी का नाम तो ले लिया लेकिन गांधी का काम छोड़ दिया। गांधी का काम भाजपा ने ले लिया और उनके विचारों के अनुरूप सबके साथ, सबके विकास के सिद्धांत पर चल रही है। उन्होंने कांग्रेस को फटकारते हुए कहा कि हम आंखों से आंखें मिला कर राजनीति करते हैं, आंखों में धूल झोंकने की राजनीति नहीं करते।
Copyright @ 2019.